डीएम ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जताई नाराजगी

-दिए गए समय पर गुणवत्तापूर्वक कार्य करें पूरा: इन्द्र विक्रम सिंह

गाजियाबाद। महात्मा गांधी सभागार में मंगलवार को डीएम इन्द्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक के दौरान सदस्य/सचिव ने बताया कि जिला सड़क सुरक्षा समिति से संबंधित निगरानी परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, नगर निगम, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग आदि कार्यदायी संस्थाओं द्वारा की जाती है। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़े की निगरानी से स्पष्ट होता है कि 1 जनवरी 2024 से 30 जून 2024 तक विगत वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में +10.00 प्रतिशत की वृद्धि, मृतकों की संख्या में +24.00 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। जिस पर चिन्ता व्यक्त करते हुए अध्यक्ष द्वारा सड़क निर्माण एजेंसी यथा लोक निर्माण विभाग/एनएचएआई/एनसीआरटीसी/नगर निगम के साथ-साथ यातायात पुलिस/परिवहन विभाग को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत हर संभव प्रयास करते हुए सड़क दुर्घटनाओं में अपेक्षित कमी लाए।

सदस्य-सचिव, द्वारा समिति के अध्यक्ष को अवगत कराया कि एनएचएआई से संबंधित 6, स्टेट हाइवे से संबंधित 5 और जिले की प्रमुख सड़कों से संबंधित 7 कुल 18 सड़क दुर्घटना बाहुल्य स्थलों (ब्लैक स्पॉट) यातायात निदेशालय, उत्तर प्रदेश द्वारा चिन्हित किए गए है। डीएम ने कहा समिति सभी ब्लैक स्पॉटों की सूक्ष्मता से जांच करें कि उनका ब्लैक स्पॉट बनने का क्या कारण था, तदोपरांत उक्त रिपोर्ट को बैठक में प्रस्तुत किया जाए और उस पर सुधारात्मक कार्य किया जाए। उन्होंने कहा पिछली बैठक में जिन बिन्दुओं पर कार्य कराने के आदेश दिये थे उनमें से जिन-जिन बिंदुओं पर कार्य हो चुका हैं उसकी जांच कर उन्हें अवगत कराए। डीएम ने अन्य बिंदुओं पर कार्य पूर्ण न होने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित से कार्य पूर्ण होने की तारीख ली और चेतावनी दी की, दी गई तारीख तक कार्य पूर्ण होना सुनिश्चित किया जाए अन्यथा विभागीय कार्यवाही के लिए तैयार रहे। बैठक में उपस्थित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि को निर्देशित किया सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार तत्काल ईलाज मुहैया कराया जाए और कोई भी चिकित्सक एवं स्टाफ घायल के उपचार के लिए इंकार न करें।

बैठक में उपस्थित परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद समस्त शैक्षिक संस्थानों में संचालित वाहनों का भौतिक निरीक्षण किया जाए और कोई भी वाहन स्कूली मानकों के विपरीत संचालित न हो। जिला विद्यालय निरीक्षक/ बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि वह अपने स्तर से समस्त स्कूल के प्रबंधक/ प्रधानाचार्य को इस आशय का पत्र प्रेषित करें कि जिन वाहनों के फिटनेस/परमिट आदि प्रपत्र वैध नहीं है, उन्हें तत्काल पूर्ण कराये और किसी भी दशा में वाहन का संचालन न करें। बैठक में उपस्थित परिवहन विभाग / यातायात पुलिस के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े जैसे- हेलमेट, सीट बेल्ट, मोबाइल फोन, ओवरस्पीडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग इत्यादि के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उक्त बैठक में  अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) गंभीर सिंह, एडीसीपी ट्रेफिक पीयूष सिंह, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) राहुल श्रीवास्तव, एआरटीओ (प्रवर्तन) अमित राजन राय, एआरटीओ (प्रवर्तन) मनोज कुमार मिश्रा, मालकर अधिकारी मनोज कुमार यात्री, लोक निर्माण विभाग अधिशासी अभियंता राम राजा, अधिशासी अभियंता (सिविल) नगर निगम, सीमा शिवहरे, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, उमेश कुमार अधिशासी अभियंता, एनसीआरटीसी, के साथ-साथ अन्य विभाग समस्त संबंधित विभागों के अधिकारीगण एवं बस-ट्रक-टेम्पो एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।