गाजियाबाद। डीएम इन्द्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट महात्मा गांधी सभागार में अभियोजन कार्यो की समीक्षा बैठक हुई। समीक्षा के दौरान उन्होंने अभियोजकों को अधिक से अधिक मामलों में सजा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष तौर पर महिलाओं से संबंधित अपराधों व पास्को एक्ट से संबंधित मामलों में शत प्रतिशत सजा कराए जाने की जरूरत है। समीक्षा बैठक के दौरान सत्र न्यायालयों द्वारा दोषमुक्त किए गए सभी मामलों की वाद वार समीक्षा की गयी।
बैठक के दौरान कुछ अधिवक्ताओं के कार्यों की तारीफ हुई तो कुछ को कार्य में सुधार करने की हिदायत दी गई। डीएम ने कहा कि किसी भी प्रकार की कमी की वजह से अपराधी छुटना नहीं चाहिए। इस दौरान बैठक में रखे गये बिन्दुओं पर विस्तृत से चर्चा की गयी। जिन मामलों में दोषमुक्ति हुई है, उनकी विमुक्ति के लिए गठित समिति के समक्ष गहनता से विचार किया जाएगा और निर्णय न्यायोचित नहीं पाए जाने पर उन मामलों में अपील के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। बैठक में मुख्य रूप से एडीएम ई रणविजय सिंह, अधिवक्ता मौजूद रहे।















