डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने दिव्यांगजनों को 40 अत्याधुनिक व्हीलचेयरें वितरित की

-सेवा पखवाड़े और प्रधानमंत्री मोदी के 75वें जन्मदिवस पर आत्मनिर्भर भारत की दिशा में सशक्त पहल

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सेवा पखवाड़े के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर जनपद में सोमवार को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने दिव्यांगजनों को 40 अत्याधुनिक स्वचालित व्हीलचेयरें वितरित कीं। यह पहल हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड की प्रमुख सामाजिक उत्तरदायित्व परियोजना ‘समर्थ’ के तहत सम्पन्न हुई। जिला विकास भवन में हुए इस आयोजन में कुल 40 आधुनिक व्हीलचेयरें नि:शुल्क प्रदान की गईं, जिनकी अनुमानित लागत लगभग 22.50 लाख रुपये है। यह पहल केवल चलने-फिरने का साधन नहीं है, बल्कि दिव्यांगजनों के आत्मसम्मान, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

डॉ. बाजपेयी ने कहा कि यह आयोजन समाज सेवा का एक उत्कृष्ट उदाहरण है और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सार्थक योगदान देता है। उन्होंने विशेष रूप से हुंडई मोटर इंडिया का आभार व्यक्त किया, जिसने समाज सेवा की दिशा में अनुकरणीय योगदान दिया। डॉ. बाजपेयी ने कहा कि यह प्रयास प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में सहायक होगा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में इसे सफलतापूर्वक लागू किया जा रहा है। कार्यक्रम में हुंडई मोटर इंडिया के वरिष्ठ पदाधिकारी जियोंगिक ली, पुनीत आनंद, सौरभ शर्मा, अविक दुबे और संजीव शर्मा उपस्थित थे। इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों में विधायक संजीव शर्मा, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, पूर्व महापौर आशु वर्मा, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़, परियोजना निदेशक ग्रामीण विकास अभिकरण प्रदीप कुमार पाण्डेय तथा जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी अंशुल चौहान भी मौजूद रहे।

मंच संचालन पूनम शर्मा द्वारा किया गया। अतिथियों ने इस पहल को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाला कदम बताया। उनका कहना था कि सरकार, उद्योग और समाज यदि मिलकर कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करें तो आत्मनिर्भर भारत का सपना अवश्य पूरा होगा। गाजियाबाद में हुए इस कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि दिव्यांगजन भी आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़कर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकते हैं।