नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने बढ़ाया जांच का दायरा
मुंबई। गर्लफ्रेंड गैब्रिएला देमेट्रिएडिस के बाद बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के समक्ष हाजिर होना पड़ा है। एनसीबी ने ड्रग्स केस में अर्जुन से पूछताछ की है। बॉलीवुड और ड्रग माफिया के मध्य कथित गठजोड़ की जांच चल रही है। इसके चलते विभिन्न सितारों को एनसीबी की जांच का सामना करना पड़ा है। अब बारी अभिनेता अर्जुन रामपाल की आई है। उन्हें एनसीबी ने पूछताछ के लिए तलब किया था। वह इस सिलसिले में एनसीबी कार्यालय पहुंच गए हैं। एनसीबी की कार्रवाई में पूरा सहयोग करने को वह सुबह एनसीबी दफ्तर में जा पहुंचे। अर्जुन रामपाल से बंद कमरे में पूछताछ चल रही है। एनसीबी ने अर्जुन के दोस्त ऑस्ट्रेलियन मूल के आर्किटेक्ट पॉल बार्टल को गिरफ्तार किया है। पॉल बार्टल गिरफ्तार ड्रग सप्लायर अगिसीआलोस डेमेट्रियादेस के भी करीबी दोस्त हैं। इसके पहले एनसीबी ने वीरवार को अर्जुन की गर्लफ्रेंड व दक्षिण अफ्रीकी मॉडल गैब्रिएला देमेट्रिएडिस को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया था। एनसीबी की टीम ने बुधवार को भी 6 घंटे से ज्यादा समय तक गैब्रिएला से पूछताछ की थी। जबकि वीरवार को गैब्रिएला से 6 घंटे तक पूछताछ हुई थी। एनसीबी ने सोमवार को अर्जुन रामपाल के आवास पर छापा मारा था। उसके आवास पर कुछ प्रतिबंधित दवाएं मिली थीं। 19 अक्तूबर को ड्रग संबंधित एक मामले में ग्रैब्रिएला के भाई अगिसियालोस को अरेस्ट किया गया था। इसके बाद पूछताछ के लिए अर्जुन रामपाल को भी बुलाया गया। बता दें कि रविवार को फिल्म प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला के आवास पर एनसीबी ने छापामार कार्रवाई की थी। फिरोज की पत्नी शबाना सईद को गिरफ्तार किया गया था। बाद में शबाना को जमानत पर रिहा कर दिया गया। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत केस में ड्रग्स एंगल सामने आने के बाद से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने ड्रग माफिया पर कार्रवाई शुरू की है। इसकी चपेट में कई फिल्मी सितारें भी आ चुके हैं।
















