नगर आयुक्त के निरीक्षण में ऑफिस में चलते मिले एसी, कूलर व पंखे, खाली थी कुर्सी व मेज

-शुद्ध पर्यावरण के प्रयास और इलेक्ट्रिसिटी कर करें सदुपयोग: विक्रमादित्य सिंह मलिक

गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय में अधिकारियों के ऑफिस में बगैर अधिकारी के एसी, पंखे व कूलर चलते मिले। जबकि ऑफिस में कुर्सी-मेज खाली थी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सोमवार को अचानक अधिकारियों के ऑफिस में निरीक्षण किया तो यह माजरा सामने आया। नगर आयुक्त ने अधिकारियों व कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाते हुए कहा कि ऑफिस में खाली कुर्सी, मेज के लिए एसी व कूलर न चलें। बिजली बचत का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने शुद्ध पर्यावरण के प्रयास और बिजली के सदुपयोग का संदेश दिया। नगर आयुक्त ने उद्यान, प्रकाश, निर्माण, जलकल तथा अकाउंट विभाग का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार भी नगर आयुक्त साथ मौजूद रहे।

नगर आयुक्त ने निगम कर्मचारियों, बाबुओं व कंप्यूटर ऑपरेटरों को अपनी कार्यप्रणाली को स्मार्ट करने के लिए भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार के साथ बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्टाफ  के बैठने के उचित स्थान का जायजा भी लिया। दफ्तर खाली होने पर बेवजह पंखे, कूलर या एसी ना चलाने के निर्देश दिए। बिजली की खपत पर अंकुश लगाने तथा बिजली के सदुपयोग के लिए निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्टाफ  की उपस्थिति को चेक करते हुए खाली कमरे में बेवजह चल रहे एसी, पंखे, कूलर पर कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने संबंधित अधिकारी व कर्मचारियों से खाली ऑफिस में चल रहे लाइट, पंखों को बंद कराया। खाली कार्यालय में कुर्सी, मेज के लिए एसी, कूलर, पंखे ना चलने की सख्त हिदायत दी गई। उन्होंने अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार को विशेष ध्यान देने के लिए निर्देशित किया। इसके साथ ही प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से बढ़ती गर्मी के बारे में भी टीम को जागरूक किया।