– हर वार्ड तक पहुंचेगा विकास: सुनीता दयाल
– नाले और सड़कों की दशा सुधरेगी, जलभराव की समस्या से मिलेगी राहत
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में विकास की रफ्तार तेज हो चुकी है। मोहन नगर क्षेत्र में रविवार को महापौर सुनीता दयाल ने करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य हर वार्ड तक विकास कार्यों को पहुँचाना है। नालों और सड़कों की बदहाल स्थिति को देखते हुए इन कार्यों की शुरूआत की गई है। महापौर ने बताया कि राजेन्द्र नगर औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 5.50 करोड़ रुपये की लागत से नाला निर्माण होगा। इसी तरह लाजपत नगर, शालीमार गार्डन, भोपुरा गाँव, छाबड़ा कॉलोनी और विजय नगर सहित कई वार्डों में सड़क निर्माण कार्य किए जाएंगे। इन योजनाओं के पूरे हो जाने के बाद लंबे समय से टूटी-फूटी गलियों और गड्ढों वाली सड़कों की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि जलभराव और नालों की गंदगी की समस्या शहर के लोगों को लंबे समय से परेशान कर रही थी, लेकिन अब इन कार्यों से स्थिति सुधरेगी।
महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि भोपुरा क्षेत्र में सर्विस रोड पर कबाडिय़ों और अन्य लोगों द्वारा अवैध कब्जा किया गया है और नाले को भी गंदा कर दिया गया है। उन्हें जगह खाली करने के लिए समय दिया गया है, अन्यथा नगर निगम द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नगर निगम निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करेगा। अवर अभियंताओं और ठेकेदारों को चेतावनी दी गई है कि कार्यों की जांच कराई जाएगी और किसी भी प्रकार की शिकायत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्थानीय लोगों को भी निगरानी में शामिल किया जाएगा ताकि पारदर्शिता बनी रहे। जनसभा को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जनता के आभार प्रकट करते हुए कहा कि जब लोगों की परेशानियाँ कम होती हैं और उनके क्षेत्र में विकास कार्य होते हैं तो वही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारी समझें और शहर को साफ और व्यवस्थित रखने में सहयोग दें।
कार्यक्रम के दौरान माहौल उत्साह से भरा रहा। स्थानीय नागरिकों ने महापौर का आभार व्यक्त किया और कहा कि लंबे समय से जिन रास्तों और गलियों की हालत खराब थी, अब वहां विकास की किरण पहुँचेगी। मौके पर पार्षद सचिन डागर, प्रमोद राघव, ओमवती देवी, रवि भाटी, कालीचरण पहलवान, यशपाल पहलवान, पूर्व पार्षद विनोद कसाना, नरेश जाटव, पप्पू पहलवान, मंडल अध्यक्ष अंकित गिरी, ज्योति चौहान, गुरुदास पाल, राज जैन, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी सियाराम, तेजपाल शर्मा, नवनीत शर्मा, नीलेश मित्तल, रामबीर शर्मा सहित बड़ी संख्या में औद्योगिक क्षेत्रवासी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। महापौर सुनीता दयाल के इस शिलान्यास कार्यक्रम ने शहर में विकास की नई उम्मीद जगाई है। नगर निगम का दावा है कि आने वाले दिनों में गाजियाबाद के सभी वार्डों में ऐसे ही कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी और शहर को सुविधाओं से लैस किया जाएगा।
















