-अधिकारियों की सुविधाओं और अनुशासन व्यवस्था का किया गहन निरीक्षण
-ऑफीसर्स लाउन्ज, जिम, कैन्टीन और स्पोर्ट्स हॉल की व्यवस्थाओं की ली जानकारी
-लापरवाही बर्दाश्त नहीं, व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के सख्त निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पुलिस विभाग में कार्यकुशलता और अनुशासन को मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस उपायुक्त नगर/लाइन्स धवल जायसवाल ने पुलिस लाइन्स परिसर स्थित विभिन्न सुविधाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ऑफीसर्स लाउन्ज, जिम, कैंटीन तथा स्पोर्ट्स हॉल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और मौजूद अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार लाने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त ने सबसे पहले ऑफीसर्स लाउन्ज का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था तथा रख-रखाव की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाएं हमेशा सुव्यवस्थित और बेहतर स्थिति में रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बेहतर वातावरण से ही मजबूत होती है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन्स स्थित जिम का निरीक्षण किया। जिम में उपलब्ध उपकरणों की स्थिति, उनकी कार्यशीलता और सुरक्षा मानकों की जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी उपकरण नियमित रूप से मेंटेन किए जाएं तथा पुलिसकर्मियों को फिटनेस के प्रति प्रेरित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि शारीरिक रूप से फिट पुलिस बल ही बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्षम होता है। निरीक्षण के दौरान डीसीपी धवल जायसवाल कैन्टीन पहुंचे, जहां उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, खाद्य सामग्री के भंडारण और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों को गुणवत्तापूर्ण और स्वास्थ्यवर्धक भोजन उपलब्ध कराया जाना प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि स्वच्छता मानकों में किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके पश्चात उन्होंने स्पोर्ट्स हॉल का निरीक्षण करते हुए खेल सुविधाओं की उपलब्धता और उपयोगिता का आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुलिसकर्मियों के मानसिक और शारीरिक संतुलन के लिए खेल गतिविधियों को नियमित रूप से बढ़ावा दिया जाए। साथ ही खेल उपकरणों के रख-रखाव और समय-समय पर प्रतियोगिताओं के आयोजन की भी बात कही।
निरीक्षण के अंत में पुलिस उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि पुलिस लाइन्स की व्यवस्थाएं विभाग की कार्यसंस्कृति का प्रतिबिंब होती हैं। उन्होंने कहा कि अनुशासन, स्वच्छता और बेहतर सुविधाएं पुलिस बल के मनोबल को ऊंचा रखती हैं, इसलिए सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। डीसीपी ने सख्त लहजे में कहा कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का पालन समयबद्ध तरीके से किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिसकर्मियों के हितों को सर्वोपरि बताते हुए व्यवस्थाओं को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के बाद पुलिस लाइन्स परिसर में प्रशासनिक सक्रियता बढऩे के संकेत मिले हैं और अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। इस निरीक्षण को पुलिस विभाग में अनुशासन और कार्यकुशलता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
















