सुरक्षा बलों को संयुक्त ऑपरेशन में कामयाबी
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में पाकिस्तान के 2 आतंकवादी ढेर कर दिए गए। तीसरा आतंकी मौके से फरार हो गया। उसकी सरगर्मी से तलाश चल रही है। जम्मू-कश्मीर में निकाय चुनाव में अशांति फैलाने के लिए पाकिस्तान की ओर से निरंतर साजिश हो रही है। सूत्रों ने बताया कि 3 आतंकियों ने कुछ दिन पहले भारत में घुसपैठ की थी। सेना के जवानों की मदद से आतंकियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद सुदूर छतापानी-दुगरन गांव में संयुक्त घेराबंदी और तलाशी अभियान आरंभ किया गया। रविवार को सुरक्षा बलों ने 3 आतंकवादियों को चारों तरफ से घेर लिया। उन्हें सरेंडर कराने की कोशिश की गई, मगर बर्फबारी के कारण तीनों आंतकी छिपने में कामयाब रहे। कुछ देर बाद वहां मुठभेड़ शुरू हो गई, जिसमें 2 आतंकियों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया। जबकि तीसरे आतंकी की तलाश की जा रही है। सुरक्षा बलों का कहना है कि जम्मू-कश्मीर में निकाय चुनाव चल रहे हैं। निकाय चुनाव को प्रभावित करने के लिए पाकिस्तान द्वारा निरंतर साजिश रची जा रही है। हालांकि कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बावजूद भारी संख्या में नागरिक मतदान के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में अमन-चैन और शांति देखकर पाकिस्तान बेचैन है। वह सीमापार से आतंकी भेजकर घाटी का माहौल खराब करने की हरसंभव कोशिश कर रहा है, मगर सुरक्षा बलों की मुस्तैदी के चलते पाक की साजिशें नाकाम हो रही हैं। रविवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में ढेर दोनों आतंकियों के बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है। सुरक्षा बलों का कहना है कि मारे गए आतंकी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। बता दें कि पाकिस्तान बॉर्डर पर अक्सर संघर्ष विराम का उल्लंघन और गोलीबारी कर आतंकियों को कश्मीर में भेजने की फिराक में रहता है।















