नव वर्ष के पहले दिन नगर निगम में उत्साह, नगर आयुक्त ने तय किए 2026 के टारगेट

  • नगर निगम के 14 प्रोजेक्टों को छह महीने में पूरा करने का लक्ष्य, अधिकारियों को विशेष निर्देश
  • निर्माण, उद्यान, जलकल और प्रकाश विभाग को समयबद्ध परियोजना पूर्ण करने के निर्देश
  • नगरवासियों से अपील: कचरा पृथक्करण और प्लास्टिक मुक्त शहर में सहयोग करें
  • सीएम ग्रिड, विजयनगर कार्यालय और सीनियर सिटीजन केयर सेंटर जैसे प्रोजेक्ट जल्द पूरा करने के निर्देश
  • सभी विभागों को समय पर कार्य पूरा करने के लिए योजना और जवाबदेही सुनिश्चित करने का आह्वान
  • नगर निगम कर्मचारियों और पार्षदों ने नव वर्ष पर बेहतर शहर निर्माण के संकल्प लिए

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नव वर्ष 2026 के प्रथम दिन गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय पर उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहरवासियों को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दी और निगम अधिकारियों, पार्षदों तथा जिले के विभिन्न मुख्य अधिकारियों के साथ मुलाकात कर उन्हें भी नए वर्ष की बधाई दी। इस अवसर पर नगर आयुक्त ने निगम अधिकारियों को वर्ष 2026 के लिए लक्ष्य तय करते हुए निर्देश दिए कि शहर हित में चल रहे कार्यों को तेजी से पूर्ण किया जाए और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। नगर आयुक्त ने बताया कि निगम के 14 प्रमुख प्रोजेक्टों को छह माह के भीतर, यानी जून 2026 तक पूरी गति से पूर्ण करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस दौरान निगम के विभिन्न विभागों ने अपनी जिम्मेदारियों की रूपरेखा तैयार की और आगामी कार्यों के लिए योजना बनाई। इ

स अवसर पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी, प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज कुमार सिंह और प्रभारी प्रकाश आश कुमार और पार्षदों के साथ-साथ जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें सिटी मजिस्ट्रेट संतोष उपाध्याय, एसडीएम मोदीनगर अजीत कुमार सिंह, सचिव जीडीए विवेक कुमार मिश्रा, तहसीलदार और बेसिक शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे। कई सामाजिक संस्थाओं और डीवीएफ टीम ने नगर आयुक्त को पुष्प गुच्छ भेंट कर नव वर्ष की शुभकामनाएं दी और निगम द्वारा चलाए जा रहे कार्यों की सराहना की। नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि सीएम ग्रिड फेस 2 का निर्माण, सीनियर सिटीजन केयर सेंटर, विजयनगर कार्यालय और सेफ सिटी परियोजना के अंतर्गत 350 कैमरा इंस्टालेशन का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही कारकस प्लांट के निर्माण को भी प्राथमिकता दी जाए। वहीं, उद्यान विभाग को उपवन योजनाओं, बायोडायवर्सिटी पार्क और मियांवकी पद्धति के कार्य तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया गया।

तीसरे एबीसी सेंटर के निर्माण को जनवरी माह तक पूर्ण करने पर विशेष ध्यान देने के साथ-साथ इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के कार्य को मात्र एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश दिए गए। जलकल विभाग को बायो सीएनजी प्लांट और विजयनगर में गंगाजल परियोजना को समय पर पूरा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रकाश विभाग को 20 चार्जिंग स्टेशनों पर 100 पॉइंट स्थापित करने के कार्य शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश मिला। नगर आयुक्त ने कहा कि इन सभी परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और शहर के सुचारू विकास के लिए बेहद आवश्यक है। नगर आयुक्त ने शहरवासियों से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण की दिशा में नगर निगम अकेले काम नहीं कर सकता। उन्होंने नागरिकों से विशेष रूप से कहा कि वे कचरा निस्तारण में सहयोग करें, सूखा और गीला कचरा अलग करें और प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने में स्वास्थ्य विभाग की गतिविधियों में योगदान दें।

नव वर्ष के अवसर पर नगर निगम मुख्यालय पर उपस्थित कर्मचारियों और सफाई मित्रों ने नगर आयुक्त से मुलाकात कर नए वर्ष की शुरुआत की। सभी ने शहर हित में बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया। नगर आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों से योजनाबद्ध, जिम्मेदार और पारदर्शी तरीके से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को मिलकर कार्य करना होगा ताकि निगम के प्रोजेक्ट समय पर पूरे हों और शहरवासियों को हर सुविधा सुचारू रूप से मिले। नगर आयुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग अपने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करें, ताकि समय-समय पर समीक्षा हो सके। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि 2026 में निगम की सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता और समय सीमा के हिसाब से पूरा करना प्राथमिकता हो। इस प्रकार, नए साल के पहले दिन निगम और शहरवासियों के बीच सहयोग और संवाद का माहौल बना, जिससे 2026 में बेहतर और तेज़ प्रगति की उम्मीद बढ़ गई।