-भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सौंदर्यकरण की गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं; गोवंशों की सेवा में दिखेगा सुधार का संकल्प
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी एवं सहकारी समितियों के आयुक्त हीरालाल ने शनिवार को भोजपुर विकासखंड स्थित पट्टी और औरंगाबाद गदाना तथा नगर पालिका परिषद मोदीनगर के गोआश्रय स्थलों का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोवंशों के भरण-पोषण, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, वृक्षारोपण, जल संरक्षण और संरचनात्मक व्यवस्थाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। आयुक्त हीरालाल ने अधिकारियों से कहा कि शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पट्टी गोआश्रय स्थल पर गोवंश के स्वास्थ्य, भोजन, अभिलेखों की स्थिति, साफ-सफाई आदि का निरीक्षण करते हुए उन्होंने पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ज्योति को निर्देशित किया कि वे दैनिक रूप से टीम के साथ भ्रमण करें और हर गोवंश की स्वास्थ्य जांच और समय पर चिकित्सा सुनिश्चित करें। साथ ही मृत पंजिका रजिस्टर में प्रत्येक मृत्यु का ठोस कारण दर्ज करना अनिवार्य किया गया। नोडल अधिकारी ने यह भी कहा कि गोआश्रय स्थलों पर वृक्षारोपण, टीन शेड पर चूना या पेंट, वाटर हार्वेस्टिंग व्यवस्था और भूसा शेड का विस्तारीकरण कराया जाए। नगर पालिका परिषद मोदीनगर द्वारा संचालित गोआश्रय स्थल पर गंदगी को लेकर उन्होंने सख्त नाराजगी जताई और तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कुछ गोवंश की हालत कमजोर पाई गई, जिस पर उपपशु चिकित्सा अधिकारी मोदीनगर को निर्देश दिए गए कि ऐसे गोवंश की नियमित जांच की जाए और प्रभावी उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोआश्रय स्थल पर छायादार वृक्ष लगाए जाएं, शेड की फर्श की मरम्मत कराई जाए और सोलर ऊर्जा आधारित सिस्टम स्थापित किया जाए ताकि ऊर्जा की सतत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, उपजिलाधिकारी मोदीनगर, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी सहित अनेक विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
















