-निर्माण कार्य तय समय में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश, करहेड़ा सीवरेज योजना की प्रगति 55 प्रतिशत पहुंची
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद में हर घर जल योजना, गौ आश्रय स्थल और 50 करोड़ रुपये से अधिक लागत की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति का रविवार को स्थलीय निरीक्षण किया गया। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी और निबंधन सहकारी समितियों के आयुक्त डॉ. हीरालाल ने निर्माण स्थलों पर जाकर कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समयावधि में पूरी हों और उनकी गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। निरीक्षण के दौरान अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत करहेड़ा जोन में स्वीकृत सीवरेज योजना का भी गहन परीक्षण किया गया।
जल निगम के अधिशासी अभियंता अरुण प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि इस योजना की कुल स्वीकृत लागत 546.94 करोड़ रुपये है, जिसमें जीएसटी और सेंटेज शामिल है। निर्माण कार्य का अनुबंध मैसर्स खिलारी इन्फ्राटेक लिमिटेड, मुंबई के साथ 390.60 करोड़ रुपये में किया गया है। यह कार्य 11 दिसंबर 2023 को शुरू हुआ था और इसे 8 जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। योजना के अंतर्गत 68 एमएलडी का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, तीन इन्टरसेप्टर पंपिंग स्टेशन (आईपीएस), 145 किलोमीटर लंबी सीवर नेटवर्क और लगभग 67,669 घरों को सीवर सुविधा से जोडऩे का लक्ष्य रखा गया है।
फिलहाल, योजना की प्रगति लगभग 55 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। नोडल अधिकारी हीरालाल ने निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्यस्थल पर बड़े आकार का साइन बोर्ड लगाया जाए, जिसमें योजना की पूरी जानकारी, जिम्मेदार अधिकारियों, कर्मचारियों और संबंधित फर्म का विवरण स्पष्ट रूप से अंकित हो। साथ ही कार्यों की नियमित निगरानी की जाए ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और जनहित की ये योजनाएं समय पर पूरा होकर लोगों को लाभ पहुंचा सकें।















