अवैध शराब के खिलाफ आबकारी की सख्त छापेमारी, अवैध शराब समेत दो तस्कर गिरफ्तार

-जनपद में आबकारी विभाग की कठोर कार्रवाई से खौफजदा शराब माफिया, हर मोर्चे पर तैनात अधिकारी दे रहे छूटे कारोबार पर शिकंजा

उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। अवैध शराब के खिलाफ जनपद गौतमबुद्ध नगर में आबकारी विभाग का चलाया गया अभियान अब तक का सबसे बड़ा और प्रभावशाली साबित हो रहा है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में जिले भर में चलाए जा रहे सघन छापेमारों ने शराब तस्करों की कमर तोडऩे का काम कर रही है। विभाग की यह कार्रवाई दिन-रात जारी है और अवैध शराब बेचने वाले तस्करों के लिए जनपद पूरी तरह से खतरनाक साबित हो रहा है। आबकारी निरीक्षक डॉ. शिखा ठाकुर की टीम ने गुरुवार को थाना 135 क्षेत्र के ग्रीनलैंड स्टेडियम के बगल पुस्ता के नीचे पीपल के पेड़ के पास दबिश दी। यहां दिनदहाड़े अवैध रूप से शराब बेचते हुए गौरव बाबू पुत्र विनोद कुमार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से मिस इंडिया देशी शराब यूपी मार्का के 45 पव्वे बरामद हुए। गौरतलब है कि आरोपी लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीद कर उसे कालाबाजारी के लिए बेचता था। इसी तरह आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय और थाना बादलपुर की संयुक्त टीम ने बुधवार की रात संदिग्ध स्थलों पर छापेमारी की। छपरौला फाटक से शराब तस्कर नीरज पुत्र महादेव निवासी गिरधरपुर सुनारसी बादलपुर को 30 पौवे टेट्रा पैक ट्विन टावर देशी शराब यूपी मार्का के साथ गिरफ्तार किया गया।

आबकारी अधिकारी ने बताया कि ये गिरफ्तारियां केवल एक शुरुआत हैं। जिले के हर क्षेत्र में आबकारी विभाग की टीम गश्त कर रही है और हर अवैध शराब के ठिकाने को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। पकड़े गए तस्करों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की गई है और उन्हें जेल भेज दिया गया है। आबकारी विभाग की योजना अब जिले के प्रत्येक कोने में छापेमारी तेज करने की है। इसके साथ ही विभाग डिजिटल निगरानी प्रणाली और गुप्त सूचनाओं के जरिये तस्करों के नेटवर्क को भी खत्म करने पर काम कर रहा है। अधिकारियों ने यह भी कहा है कि आमजन से भी अपेक्षा है कि वे अवैध शराब की खबर विभाग को दें ताकि जल्द कार्रवाई हो सके। आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि हमारा उद्देश्य पूरे गौतमबुद्ध नगर जनपद से अवैध शराब का जड़ से सफाया करना है। यह हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है कि हम न केवल तस्करों पर सख्त कार्रवाई करें, बल्कि आम जनता को भी अवैध शराब से होने वाले दुष्प्रभावों से जागरूक करें।

हमारी टीम दिन-रात लगन से कार्यरत है और जो भी नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। हमने सभी आबकारी निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र की लाइसेंसी दुकानों पर विशेष नजर रखें। किसी भी व्यक्ति को नियमों के विपरीत शराब की बिक्री नहीं होनी चाहिए, खासकर जब कोई अधिक मात्रा में शराब खरीदता है। हमें जनता का भी सहयोग चाहिए ताकि हम अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह खत्म कर सकें। हमारा मानना है कि केवल कार्रवाई से ही समस्या हल नहीं होगी, बल्कि जागरूकता भी उतनी ही जरूरी है। इसलिए विभाग आम जनता को लगातार अवैध शराब के नुकसान के प्रति सचेत कर रहा है। हम सब मिलकर इस समस्या को जड़ से खत्म करेंगे और जिले को शराब मुक्त बनाएंगे।

सख्ती का दूसरा मोर्चा – लाइसेंसी दुकानों पर निगरानी
जिला आबकारी अधिकारी ने अपने सभी निरीक्षकों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र की लाइसेंसी दुकानों पर सख्ती से नजर रखें। उन्होंने कहा है कि किसी भी व्यक्ति को नियमों के विरुद्ध शराब की बिक्री न हो, खासकर बड़ी मात्रा में शराब खरीदने वालों की पूरी जानकारी विभाग को दी जाए। क्योंकि तस्कर अक्सर लाइसेंसी दुकानों से अधिक मात्रा में शराब खरीदकर उसे बंद दुकान के बाद या दूरदराज इलाकों में महंगे दामों पर बेचते हैं।

आबकारी विभाग की सक्रियता से आमजन को मिल रही राहत
आबकारी विभाग की इस कड़ी कार्रवाई से न केवल अवैध शराब तस्करों में दहशत व्याप्त है, बल्कि आम जनता भी इसका स्वागत कर रही है। विभाग की टीमें न केवल शराब तस्करों को पकड़ रही हैं, बल्कि गांव-गांव और कस्बों में जागरूकता भी फैला रही हैं कि अवैध शराब के सेवन से जानमाल को कितना खतरा होता है।

आबकारी अधिकारी की कार्यशैली की सराहना
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव की नेतृत्व क्षमता और रणनीति ने इस अभियान को सफल बनाया है। उनकी सख्ती और समर्पण से अधिकारी व कर्मचारियों में भी जोश बना हुआ है। उनकी योजना के तहत न केवल तस्करों की गिरफ्तारी की जा रही है, बल्कि तस्करी के सप्लाई चैन को तोडऩे के लिए गहन जांच भी चल रही है।