खादर क्षेत्र में सुलग रही कच्ची शराब भट्टी को आबकारी विभाग ने किया ध्वस्त

• 50 लीटर कच्ची शराब जब्त करते हुए बरामद 300 किलोग्राम लहन को मौके पर किया नष्ट
• आबकारी विभाग की सख्ती को देखकर रणनीति और ठिकानों में बदलाव करने को मजबूर तस्कर

उदय भूमि
रामपुर। जनपद रामपुर में शराब माफिया की कुंडली खंगालने के अलावा संभावित ठिकानों की पुख्ता जानकारी एकत्र की जा रही है। इसके बाद रणनीति के तहत छापामार कार्रवाई हो रही है। आबकारी विभाग के मंसूबों को देखकर शराब माफिया को निरंतर अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ रहा है। इसके बावजूद उन्हें जिले में पांव जमाने का मौका नहीं मिल पा रहा है। जिले में शराब माफिया की जड़ें काफी गहरी हैं, मगर सख्ती होने पर वह अपनी रणनीति और ठिकानों में बदलाव करने को मजबूर है। इसके चलते आबकारी विभाग को सधी रणनीति अपना कर कार्रवाई करनी पड़ती है। रामपुर में पिछले कई दिनों से शराब माफिया और उनके गुर्गों की नींद उड़ी पड़ी है। इसका कारण साफ है कि विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन की चेन तोड़ने के लिए प्रभावी कार्य योजना अपना रखी है। इसके तहत शराब माफिया और उनके गुर्गों को संभलने का मौका नहीं दिया जा रहा है।

आबकारी विभाग ने अपने नेटवर्क का विस्तार किया है। इसके अलावा सभी आबकारी निरीक्षकों के मध्य तालमेल को बढ़ाया गया है। निरीक्षक भी एक-दूसरे का भरपूर सहयोग कर सूचना का आदान-प्रदान कर रहे हैं। इसके नतीजे भी अच्छे मिल रहे हैं। आबकारी विभाग ने खादर क्षेत्र के बेरखेडा, पसियापुरा, नवाबगंज के गांवों के आस-पास के जंगलों में सर्च अभियान तेज किया है। मुख्य मार्गों पर भी चौकसी बढ़ाई गई है। खादर में कच्ची शराब का धंधा कुटीर उद्योग की तरह फैला है। हालात ये हैं कि त्योहार और चुनावी सीजन आते ही माफिया खादर के बीच टापू पर कच्ची शराब की भट्टियां सुलगा देते है। वहीं एक बार फिर आबकारी विभाग की टीम ने शराब माफिया को झटका देते हुए शराब की भट्टी को ध्वस्त करते हुए कच्ची शराब से भरा ड्रम और लहन बरामद किया है।

जिला आबकारी अधिकारी हिम्मत सिंह ने बताया कि सोमवार को आबकारी निरीक्षक नीरज सिंह की टीम द्वारा अवैध/कच्ची शराब के निर्माण एवं बिक्री से सम्बंधित संदिग्ध स्थलों बेरखेड़ी- बेरखेडा, पसियापुरा, नवाबगंज में दबिश दी गई। दबिश के दौरान लहन, भट्टियों, ड्रमों को नष्ट किया गया। टीम ने दबिश के दौरान करीब 50 लीटर कच्ची शराब जब्त करते हुए बरामद 300 किलोग्राम लहन को मौके पर नष्ट कर दिया। जिला आबकारी अधिकारी का कहना है कि रामपुर में शराब माफिया के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। बाहरी राज्यों की शराब तस्करी रोकने के साथ ही कच्ची शराब के कारोबार को ध्वस्त करने के लिए लगातार कार्रवाई चल रही है।

त्योहारों पर धंधेबाज अवैध शराब की खपत बाजार में करना चाहते हैं, मगर विभाग ऐसा नहीं होने देगा। क्योंकि विभागीय तंत्र पूरी तरह से सक्रिय है। इस धंधे के मुख्य किरदारों के ठिकानों पर विभाग की नजर है। जनपद में अवैध शराब का निर्माण, बिक्री एवं परिवहन रोकने के लिए किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जा रही है। सभी आबकारी निरीक्षकों को टीम बनाकर अपने-अपने क्षेत्र में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई शराब तस्कर या उसका गुर्गा नहीं मानता तो नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने को विभाग पीछे नहीं हटेगा। इसके अलावा लाइसेंसी दुकानों पर भी टीम द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। शराब पर ओवर रेटिंग को रोकने के लिए आबकारी विभाग द्वारा गुप्त टेस्ट परचेजिंग भी कराई जा रही है। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।