-देहात में खपाने की थी तैयारी, जंगलों में छिपाकर रखा था स्टॉक
-मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश से माफिया पस्त, होली पर सख्त निगरानी
-जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार की रणनीति से अवैध कारोबारियों में हड़कंप
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। होली पर्व नजदीक आते ही शराब की बढ़ती मांग को देखते हुए अवैध शराब माफिया सक्रिय हो गए थे, लेकिन इस बार आबकारी विभाग की सख्ती के आगे उनकी एक न चली। हिंडन खादर क्षेत्र के जंगलों में तैयार की जा रही अवैध शराब की भट्टी पर जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई करते हुए टीम ने न केवल कच्ची शराब बरामद की, बल्कि भारी मात्रा में लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया। होली के दौरान अवैध शराब की खपत बढऩे की आशंका के मद्देनजर आबकारी विभाग पहले से ही सतर्क था। विभाग को सूचना मिल रही थी कि हिंडन खादर क्षेत्र के जंगलों में तस्करों ने अस्थायी भट्टियां बनाकर कच्ची शराब का निर्माण और भंडारण शुरू कर दिया है। योजना के तहत इस अवैध शराब को देहात क्षेत्र में खपाने की तैयारी थी।
जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए अपनी टीम को सक्रिय किया। उनके निर्देशन में आबकारी निरीक्षक अनुज वर्मा की टीम ने थाना टीला मोड़ क्षेत्र के अंतर्गत भनेडा खुर्द स्थित हिंडन खादर के जंगलों में सघन दबिश अभियान चलाया। घंटों की तलाश और सर्च ऑपरेशन के दौरान झाडिय़ों के बीच गड्ढा खोदकर छिपाकर रखी गई करीब 25 लीटर अवैध कच्ची शराब और लगभग 1000 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। टीम ने बरामद कच्ची शराब को कब्जे में लिया और मौके पर ही लहन को नष्ट कर दिया, ताकि दोबारा उसका उपयोग न हो सके। आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आबकारी विभाग की यह कार्रवाई न केवल अवैध शराब कारोबारियों के लिए कड़ा संदेश है, बल्कि आमजन की सुरक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण कदम है।
होली जैसे बड़े पर्व पर मिलावटी और अवैध शराब के सेवन से जनहानि की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में समय रहते की गई यह कार्रवाई संभावित हादसों को टालने में सहायक सिद्ध हो सकती है। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम की रणनीति और सतर्कता की सराहना की जा रही है। उन्होंने न केवल अपनी टीम को सक्रिय रखा है, बल्कि मुखबिर तंत्र को भी मजबूत करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बढ़ा दी है। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि होली तक यह अभियान और तेज किया जाएगा तथा अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
आबकारी विभाग की सख्त कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग की सक्रियता से साफ है कि त्योहारों के दौरान जनसुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन की इस तत्परता से आमजन में भी भरोसा बढ़ा है कि होली का पर्व सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से मनाया जा सकेगा।

















