मुख्तार अंसारी के कारण दहशत में पूर्व विधायक

योगी सरकार से रोया दुखड़ा, सुरक्षा की गुहार

लखनऊ। कांग्रेस के पूर्व विधायक अजय राय को पंजाब की जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी से जान का खतरा महसूस हो रहा है। पूर्व विधायक राय ने उत्तर प्रदेश सरकार से सुरक्षा की गुहार लगाई है। राय का आरोप है कि मुख्तार दुर्दांत अपराधी है। वह कुछ भी कर सकता है। पूर्व विधायक ने योगी सरकार से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। बाहुबली मुख्तार अंसारी काफी समय से पंजाब की रोपड़ जेल में बंद है। अंसारी के खिलाफ उत्तर प्रदेश में दर्जनभर से ज्यादा संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। कांग्रेस के पूर्व विधायक अजय राय वाराणसी लोक सभा सीट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं। उन्हें अब मुख्तार अंसारी से अपनी जान को खतरा नजर आ रहा है। पूर्व विधायक राय ने योगी सरकार से शिकायत कर जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। बता दें कि उप्र सरकार माफिया मुख्तार अंसारी को पेशी पर यूपी लाए जाने की निरंतर कोशिश कर रही है, मगर पंजाब सरकार बार-बार मुख्तार की बीमारी का हलफनामा देती है। मुख्तार को पेशी पर यूपी लाए जाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है। इस पर पंजाब सरकार ने हलफनामा देकर मुख्तार की बीमारियों का हवाला दिया है। मुख्तार अंसारी पर भाजपा विधायक कृष्णानंद राय की हत्या का भी आरोप है। कृष्णानंद की पत्नी और भाजपा विधायक अलका राय ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को पत्र लिखा था। पत्र में विधायक अलका ने पंजाब सरकार पर मुख्तार अंसारी को बचाने का आरोप लगाया था। पत्र में उन्होंने कहा था कि प्रियंका गांधी और पंजाब सरकार ने मेरे पति के हत्यारे मुख्तार अंसारी और उसके बेटे को राज्य अतिथि के रूप में शरण दी है। उधर, पूर्व विधायक अजय राय के मामले में भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा ने पूछा कि कांग्रेस को मुख्तार से ज्यादा हमदर्दी है अथवा अपने पूर्व विधायक से।