गौतमबुद्ध नगर में आबकारी विभाग की किलेबंदी: फार्म हाउस में आयोजकों को बेचता था हरियाणा की सस्ती शराब

-आबकारी विभाग की टीम ने 40 हजार की हरियाणा शराब समेत फार्म संचालक को दबोचा
-अवैध शराब के खिलाफ हो रही कार्रवाई से शराब तस्करों के टूट रहे हौंसले

उदय भूमि
गौतमबुद्ध नगर। जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आबकारी विभाग की टीम ने शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया तस्कर फार्म हाउस का संचालक है। जोकि हरियाणा से शराब तस्करी कर फार्म हाउस के कमरे में छिपा देता था और जब फार्म हाउस में कोई इवेंट होता तो वहां के आयोजकों को पार्टी के लिए हरियाणा शराब बेचता था। पकड़ा गया संचालक मालिक की मिलीभगत से अवैध शराब के कारोबार को अंजाम देता आ रहा था। मगर आबकारी विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही फार्म हाउस मालिक मौके से फरार हो गया। इसके अलावा आयोजकों से लाइसेंस फीस वसूलने के बाद भी बिना लाइसेंस के शराब का सेवन कराता था। जिले में शराब तस्करी को रोकने के लिए आबकारी अधिकारी ने पूरी तरह से किलेबंदी की हुई है। देखा जाए तो अवैध शराब के नेटवर्क को तोडऩे के लिए आबकारी अधिकारी की टीम खूब मेहनत कर रही है। जिसके परिणाम भी सामने आ रहे है।

गौतमबुद्ध नगर जिस तरह से दिल्ली और हरियाणा से पूरी तरह सटा हुआ है। देखा जाए तो दोनों राज्यों से शराब तस्करी रोकना इतना आसान नही है, मगर आबकारी अधिकारी की सफल रणनीति के चलते की जा रही लगातार कार्रवाई के चलते जनपद में अवैध शराब का नेटवर्क पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है। इसका परिणाम यह कि आबकारी विभाग के राजस्व में पहले की अपेक्षा अधिक बढोत्तरी हो रही है। पिछले वर्ष जनवरी माह की अपेक्षा इस वर्ष जनवरी माह में जनपदीय आबकारी विभाग ने 16 करोड़ रुपये अधिक राजस्व प्राप्त किया है। वर्ष 2023-24 जनवरी माह में 143 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ था। वर्ष 2024-25 जनवरी माह में विभाग को 159 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। यह सब तभी संभव हो पाया है, जब अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह से शिकंजा कसा जा सका है। जनपद की माली हालत को सुधारने और सरकारी खजाने को भरने में आबकारी विभाग की टीम अपनी अहम भूमिका को निभा रही है।

जिले में बिना लाइसेंस के शराब पार्टी करना अब इतना आसान नहीं होगा। किसी भी समारोह स्थल, बैंक्वेट हॉल व होटल में बिना लाइसेंस के शराब पार्टी का आयोजन और बाहरी राज्यों की शराब मिली तो अब जेल तो होगी ही साथ जुर्माना भी वसूला जाएगा। यह जुर्माना हजारों में नही बल्कि लाखों में वसूला जाएगा। दिल्ली और हरियाणा से शराब तस्करी को रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीम दिन-रात छापेमारी और दबिश दे रही है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध श्रीवास्तव ने बताया जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की टीमें लगातार छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। गुरुवार रात को मुखबिर से सूचना मिली कि विवान फार्म हाउस का संचालक दिल्ली-हरियाणा की शराब तस्करी करता है। दिल्ली-हरियाणा की सस्ती शराब लाकर अपने फॉर्म हाउस में होने वाले समारोह के आयोजकों को महंगे दामों में बेचता है और साथ ही आयोजकों से लाइसेंस फीस लेने के बाद भी लाइसेंस नहीं लेता है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आबकारी निरीक्षक चंद्रशेखर की टीम गठित की गई और मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान थाना नॉलेज पार्क स्थित सेक्टर 150 के विवान फार्म हाउस पर दबिश दी गई।

दबिश के दौरान फार्म हाउस में बने कमरे की तलाशी ली गई तो अंदर छिपा कर रखी 12 बोतल इंपीरियल ब्लू, 12 बोतल रॉयल चैलेंज व 12 मैजिक मोमेंट विदेशी शराब हरियाणा मार्का बरामद किया गया। बरामद शराब की कीमत करीब 40 हजार रुपये है। मौके से फार्म हाउस संचालक मनोज पुत्र पालू निवासी मोमनथल थाना नालेज पार्क को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराकर जेल भेज दिया गया। पूछताछ में पकड़े गए संचालक मनोज ने बताया फार्म हाउस का मालिक संदीप निवासी इंदिरापुरम की कार से दिल्ली-हरियाणा शराब लाकर फार्म हाउस में छिपा देते थे। फार्म हाउस में पार्टी करने वाले लोगों को महंगे दामों में बेचते थे। इसके अलावा आयोजकों से पार्टी के नाम पर उनसे लाइसेंस फीस भी वसूलते थे।

अवैध शराब के कारोबार से आए रुपयों को आपस में बांट लेते थे। उन्होंने बताया जिले में अवैध शराब के कारोबार को रोकने के लिए सभी टीमों को अपने-अपने क्षेत्र में निरीक्षण करने के सख्त निर्देश दिए गए है। साथ ही नई आबकारी नीति के तहत अब बिना लाइसेंस के शराब पार्टी का आयोजन करना आसान नहीं है। बिना लाइसेंस के शराब पार्टी का आयोजन और बाहरी राज्यों की शराब मिलने पर 1-1 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के साथ जेल भी भेजा जाएगा। यह नियम 1 अप्रैल से लागू होंगे। जिले में अवैध शराब के कारोबार को रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही है, जो कि आगे भी निरतंर जारी रहेगी