-जीडीए के निर्माणाधीन कार्यालय और पॉकेट ए,बी में चल रहे निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
गाजियाबाद। जीडीए के महत्वाकांक्षी मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना को परवान चढ़ाने के लिए वहां पर जीडीए कार्यालय समेत अन्य निर्माण कार्यों में अब तेजी लाई जा सकेगी। इसके साथ ही स्पॉट पर आवंटियों की समस्या सुनने के बाद उनका निस्तारण भी हो सकेगा। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर अब मधुबन-बापूधाम योजना में निर्माणाधीन जीडीए कार्यालय स्थल पर सफ्ताह में एक दिन उपस्थित रहेंगे। इसी क्रम में जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने अभियंत्रण जोन-3 के अधिशासी अभियंता आलोक रंजन, विद्युत जोन के अधिशासी अभियंता अजीत कुमार बघाडिय़ा, सहायक अभियंता निशांत कुमार, सहायक अभियंता रूदे्रश शुक्ला, सहायक अभियंता दीप्ति चौहान आदि अधिकारियों के साथ जीडीए के निर्माणाधीन कार्यालय और पॉकेट ए,बी में चल रहे निर्माण कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर सफ्ताह में एक दिन अपर सचिव और अन्य दिनों में अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता टीम के साथ उपस्थित होकर जन समस्याओं का निस्तारण कराने के साथ-साथ विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए तत्काल समाधान कराएंगे।
अपर सचिव के निरीक्षण के दौरान वहां के कुछ आवंटी भी अपनी समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए। अपर सचिव ने उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान कराया। इसके अलावा फतेहपुर के विधायक विकास गुप्ता ने अपर सचिव के साथ विधायक को आवंटित भूखंड का निरीक्षण किया। विधायक ने योजना में चल रहे विकास कार्य एवं ट्रैफिक से संबंधी जानकारी ली। इसके बाद अपर सचिव ने जीडीए कार्यालय का प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कराए जाने और अन्य चालू निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण जल्द पूरा कराने के लिए अधिशासी अभियंता व सहायक अभियंता को निर्देश दिए। अपर सचिव के साथ अभियंत्रण एवं विद्युत जोन के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता,अवर अभियंता उपस्थित रहे। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक मंगलवार को मधुबन-बापूधाम योजना में निर्माण कार्यालय स्थल पर अपर सचिव एवं संबंधित अधिशासी अभियंता,सहायक अभियंता व अन्य स्टाफ उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा अन्य दिवस में रोस्टर के अनुसार सहायक अभियंता योजना से संबंधित समस्याओं एवं निर्माणाधीन कार्यों की निगरानी के लिए उपस्थित होंगे। जीडीए अभियंत्रण जोन-6 के अधिशासी अभियंता आलोक रंजन द्वारा जल्द ही रोस्टर जारी किया जाएगा।















