मोदीनगर में 54 बीघा जमीन में 3 अवैध कॉलोनी,ध्वस्त किए मकान और सड़क

गाजियाबाद। मोदीनगर क्षेत्र के ग्राम फफराना, गदाना और सिखेड़ा हजारी में लगभग 54 बीघा जमीन पर अनाधिकृत रूप से काटी जा रही तीन अवैध कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन दस्ते की टीम ने 5 मकान,सड़क,भूखंडों की बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के अवैध कॉलोनी व अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के आदेश के क्रम में यह कार्रवाई की गई।जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी एवं अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बुधवार को सहायक अभियंता,अवर अभियंता टीम के साथ अवैध कॉलोनी को लेकर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम फफराना मोदीनगर के खसरा संख्या-520 में लगभग 30 बीघा क्षेत्रफल में ललित पुत्र जगत सिंह,संजय डागर द्वारा अवैध रूप से कॉलोनी काटी जा रही है। इसमें अवैध प्लॉटिंग और सड़क बनाने के लिए मिट्टी भराई व चिनाई का काम होता पाया गया। बुलडोजर चलाकर भूखंडों की बाउंड्रीवाल को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा ग्राम सिखेड़ा हाजरी के खसरा संख्या-84 फफराना रोड, परगना जलालाबाद मोदीनगर में लगभग 9 बीघा क्षेत्रफल में बिजेंद्र सिंह पुत्र राज सिंह द्वारा अनाधिकृत प्लॉटिंग की जा रही है।

इसके अलावा ग्राम औरंगाबाद गदाना हापुड़ रोड मोदीनगर में खसरा संख्या-311,309 में लगभग 15000 वर्गमीटर में कृष्णपाल पुत्र निरंजन,पंकज कुमार पुत्र विजयपाल,अशोक पुत्र  जयपाल आदि द्वारा काटी जा रही अवैध कॉलोनी में प्लॉटिंग किए जाने के चलते लगभग 54 बीघा जमीन में काटी जा रही तीन अवैध कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर सड़कें,5 मकान,भूखंडों की बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया गया। जीडीए के अपर सचिव ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान लोगों ने जमकर विरोध किया। मगर पुलिस फोर्स ने उन्हें डंडा फटकार कर वहां से भगा दिया। उन्होंने प्रवर्तन जोन के सहायक अभियंता,अवर अभियंता तथा सुपरवाईजर को निर्देशित किया कि अवैध निर्माण पर सतत् निगरानी रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि उक्त अवैध निर्माण पुन:न होने पाए। जीडीए द्वारा लगातार अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। निर्माण कर्ताओं और विकासकर्ता को निर्देशित किया कि जीडीए सीमा क्षेत्र में भूमि पर विधिवत मानचित्र स्वीकृत के अनुसार ही निर्माण किया जाए। कोई भी व्यक्ति किसी भी वादग्रस्त व विवादित निर्माण में संपत्ति का क्रय-विक्रय न करें।