• जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर विशेष पहल काउंटर का निरीक्षण, जल्द ही नागरिकों को मिलेगा लाभ
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा आम जनता की सुविधाओं के लिए एक नई पहल की जा रही है, जिससे अब आवंटियों को कई महत्वपूर्ण सेवाओं का त्वरित और आसान लाभ मिलेगा। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर जनसंपर्क कार्यालय में पहल हेल्प डेस्क और चालान काउंटर का निर्माण किया जाएगा, जो पहल पोर्टल से जुड़ी समस्याओं का समाधान करेगा और चालान भुगतान की प्रक्रिया को भी सरल बनाएगा। पहल पोर्टल की शुरुआत में यह कदम आवंटियों को डिजिटल माध्यम से होने वाली समस्याओं के समाधान में सहायक सिद्ध होगा। जीडीए ने पब्लिक एक्सिस हाउसिंग एंड प्रॉपर्टी एलॉटमेंट लॉगिन (पहल) पोर्टल के तहत यह नई सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया है। जीडीए ओएसडी कनिका कौशिक ने रविवार को पीआरओ कार्यालय का निरीक्षण किया और काउंटर के लिए उपयुक्त स्थान का चयन किया।
यह पहल काउंटर मुख्य रूप से आवंटियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और चालान भुगतान के लिए स्थापित किया जाएगा। अब आवंटियों को किसी भी समस्या के लिए जीडीए कार्यालय के विभिन्न हिस्सों में चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, क्योंकि यह काउंटर सभी सेवाओं का एक ही स्थान पर समाधान करेगा। इस नई पहल का उद्देश्य यह है कि जीडीए द्वारा आवंटियों को मिल रही सेवाओं को और अधिक सुगम, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जा सके। विशेष रूप से, पहल पोर्टल के तहत संपत्तियों के भुगतान, एनओसी प्राप्ति, और अन्य सभी सेवाएं ऑनलाइन ही उपलब्ध होंगी, जिससे आवंटियों को ऑफलाइन आकर किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। इसके अतिरिक्त, यदि आवंटी किसी भी प्रकार की समस्या का सामना करता है तो वह सीधे पहल काउंटर पर आकर समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेगा।
जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने कहा कि हमारा उद्देश्य जीडीए की सेवाओं को डिजिटल तरीके से इतना सरल और सुलभ बनाना है कि किसी भी आवंटी को जीडीए कार्यालय में आकर व्यक्तिगत रूप से आना न पड़े। हमारी इस पहल पोर्टल के माध्यम से आवंटियों को संपत्ति से संबंधित सभी जानकारी घर बैठे ही मिलेगी। हम चाहते हैं कि हर आवंटी के पास अपनी संपत्ति की पूरी जानकारी और अदायगी के बारे में स्पष्टता हो। यह कदम वास्तव में एक बड़ा बदलाव साबित होगा, जो आवंटियों के लिए समय बचाएगा और पारदर्शिता लाएगा। उन्होंने कहा कि हम जीडीए द्वारा नई तकनीक के माध्यम से नागरिकों को सुगम, पारदर्शी और भरोसेमंद सेवाएं प्रदान करने के लिए लगातार नए कदम उठा रहे हैं। पहल पोर्टल और पहल काउंटर इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो नागरिकों के अनुभव को पूरी तरह से बदलकर उन्हें बेहतर सेवाएं प्रदान करेगा। इस पहल के तहत नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए लंबी प्रक्रिया और जीडीए कार्यालय में चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी।
काउंटर पर उपलब्ध प्रशिक्षित स्टाफ आवंटियों के सभी सवालों और समस्याओं का समाधान तुरंत करेगा, जिससे वे संतुष्ट होकर अपने काम को आसानी से कर सकेंगे। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के इस कदम से न केवल आवंटियों की समस्याएं दूर होंगी, बल्कि यह नई तकनीकी पहल जीडीए के कार्यों को और भी पारदर्शी और कुशल बनाएगी। जीडीए उपाध्यक्ष ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि पहल पोर्टल को लॉन्च करने के बाद आवंटियों के पास अपनी संपत्ति से जुड़ी सभी जानकारी केवल ऑनलाइन प्राप्त करने की सुविधा होगी। जीडीए द्वारा जल्द ही इसे शुरू किया जाएगा और इसे लेकर मंडलायुक्त के समक्ष आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्ताव भी रखा जाएगा। इस नई पहल से आवंटियों को न सिर्फ सुविधा मिलेगी, बल्कि जीडीए के कार्यों में पारदर्शिता और गति भी आएगी। जीडीए का यह कदम समाज को डिजिटल सेवाओं की दिशा में एक और मजबूत कदम साबित होगा, जिससे नागरिकों को सरल, सुलभ और स्पष्ट सेवाएं प्राप्त होंगी।
पहल काउंटर से आवंटियों के लिए इन समस्याओं का समाधान होगा:
• संपत्तियों से संबंधित चालान भुगतान
• एनओसी प्राप्ति की प्रक्रिया
• किस्तों का रीशेड्यूलिंग
• टेक्निकल सपोर्ट और पोर्टल से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान
• पोर्टल से जुड़ी अन्य किसी भी समस्या का समाधान

















