इंदिरापुरम में जीडीए ने अवैध झुग्गी-झोपड़ी हटाकर भूखंडों को कराया कब्जामुक्त

-उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल के निर्देश पर जीडीए प्रवर्तन टीम ने बुलडोजर से कड़ी कार्रवाई की
-एसके-03/552ए, 698 और एके-1/सी-1 एवं सी-2 भूखंडों से अतिक्रमण हटाया, भूखंडों को सुरक्षित बनाया 

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। इंदिरापुरम क्षेत्र में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा आवंटित भूखंडों पर अवैध झुग्गी-झोपड़ी डालकर कब्जा किए जाने के मामले में शुक्रवार को जीडीए प्रवर्तन टीम ने बुलडोजर के माध्यम से कड़ी और निर्णायक कार्रवाई की। यह अभियान जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल के आदेश पर संचालित किया गया, जिनका कहना है कि जीडीए की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई में जीडीए प्रवर्तन जोन-6 के प्रभारी आलोक रंजन के नेतृत्व में सहायक अभियंता रूद्रेश शुक्ला, अवर अभियंता गोपाल कृष्ण और अवर अभियंता वीके पांडेय ने जीडीए पुलिस बल के सहयोग से भूखंडों पर कब्जा मुक्त कराया। इसमें इंदिरापुरम क्षेत्र के भूखंड संख्या एसके-03/552ए, 698 और एके-1/सी-1 एवं सी-2 शामिल थे।

जांच में पता चला कि कुछ लोगों ने इन भूखंडों पर झुग्गी-झोपड़ी और अस्थायी संरचना डालकर कब्जा कर लिया था। अतिक्रमणकारियों ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन टीम ने स्थिति को नियंत्रण में रखते हुए उन्हें शांत कराया और भूखंडों को सुरक्षित किया। जीडीए अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य न केवल अवैध कब्जा हटाना है, बल्कि नागरिकों के हित में कानून के शासन को बनाए रखना भी है।

उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी जीडीए की जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण पाए जाने पर उसे तुरंत कब्जामुक्त कराया जाएगा। इस कदम से न केवल इंदिरापुरम की जमीन सुरक्षित हुई है, बल्कि यह संदेश भी गया कि भू-माफियाओं और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ जीडीए कोई समझौता नहीं करेगा। नागरिकों के हित में लगातार की जा रही ऐसी कार्रवाईयों से शहर में कानून और व्यवस्था के प्रति विश्वास और बढ़ा है।