-4.5 किलोमीटर क्षेत्र को किया गया अतिक्रमण मुक्त, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने गुरुवार को मेरठ रोड से राजनगर एक्सटेंशन की ओर जाने वाली प्रमुख बंधा रोड पर अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। इस अभियान का उद्देश्य 45 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण करना है जो वर्षों से अतिक्रमण के कारण बाधित थी। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के स्पष्ट निर्देशों के बाद जीडीए की प्रवर्तन टीम ने बुलडोजर के साथ अवैध दुकानों और निर्माणों को ध्वस्त कर रास्ता साफ किया। गुरुवार सुबह 10 बजे शुरू हुए इस अतिक्रमण विरोधी अभियान में जीडीए के अपर सचिव व नोडल अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन जोन-1 और जोन-3 की टीमों ने पुलिस बल की सहायता से कार्रवाई को अंजाम दिया। मौके पर अधिशासी अभियंता वीरेंद्र कुमार, योगेश पटेल, सहायक अभियंता रूद्रेश शुक्ला, अनुज कुमार, और अवर अभियंता महेंद्र कुमार व अखिल मिश्रा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान टीम को कुछ स्थानों पर विरोध का सामना करना पड़ा, लेकिन नंदग्राम थाना पुलिस और जीडीए पुलिस बल की मौजूदगी में विरोध को शांत कर, अभियान को बिना किसी रुकावट के पूरा किया गया।
इससे करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबी सड़क का मार्ग अतिक्रमण से मुक्त हो गया। जीडीए के अनुसार, मेरठ रोड पर लगभग 3.5 किलोमीटर और राजनगर एक्सटेंशन की ओर करीब 1 किलोमीटर के क्षेत्र को पूरी तरह से खाली कराया गया। इस अभियान की शुरुआत मंगलवार को चिन्हांकन प्रक्रिया से हुई थी, जिसमें जीडीए अधिकारियों ने स्थायी और अस्थायी निर्माणों की पहचान की। बुधवार को मुनादी कर जनता से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की गई, लेकिन जब इसका पालन नहीं हुआ, तो गुरुवार को सख्त कार्रवाई की गई। अतिक्रमण हटाने के इस अभियान से राजनगर एक्सटेंशन की मुख्य सड़क अब जाम मुक्त हो गई है और नागरिकों को सुगम यातायात का लाभ मिलेगा। बताया गया कि ट्रैफिक पुलिस ने भी जीडीए को लगातार पत्राचार के माध्यम से अवगत कराया था कि यह मार्ग अत्यधिक ट्रैफिक दबाव में है, जिसके चलते आमजन को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है।
30 मई को हुई समीक्षा बैठक में जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी किया था, जिसके परिणामस्वरूप गुरुवार को यह बड़ी कार्रवाई की गई। स्थानीय दुकानदारों और निर्माणकर्ताओं ने इस दौरान विरोध जताया, लेकिन पुलिस बल की सतर्कता से स्थिति नियंत्रित रही और कार्रवाई सफलतापूर्वक पूरी की गई। जीडीए के अनुसार यह कार्रवाई न केवल यातायात को सुचारु करने के लिए की गई है, बल्कि शहर में कानून व्यवस्था और सार्वजनिक भूमि की रक्षा की दिशा में एक मजबूत कदम है। जीडीए अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह अभियान यहीं समाप्त नहीं होगा। आने वाले महीनों में भी गाजियाबाद की अन्य सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने की कार्यवाही जारी रहेगी। साथ ही, राजनगर एक्सटेंशन की अन्य सड़कों के निर्माण का कार्य भी प्राधिकरण के द्वारा तीव्र गति से कराया जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।

















