जीडीए सचिव ने दिलाई नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण कर्मचारी संगठन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को जीडीए सचिव बृजेश कुमार ने शपथ दिलाई। गुरूवार को जीडीए सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सभी नवनिर्वाचित आठ पदाधिकारियों का फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद सभी आठ पदाधिकारियों ने अपना कार्यभार संभाल लिया। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान अपर सचिव सीपी त्रिपाठी,ओएसडी गुंजा सिंह,कार्यवाहक चीफ इंजीनियर मानवेंद्र कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। जीडीए सभागार में जीडीए सचिव बृजेश कुमार ने सुबह 11 बजे शपथ पत्र पढ़कर सभी आठ नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण कराई।

जीडीए कर्मचारी संगठन का बीते आठ जून को चुनाव संपन्न हुआ था। संगठन के आठ पदों पर कुल 19 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। इसमें से सात ने जीत दर्ज की थी। जबकि एक प्रत्याशी निर्विरोध चुना गया था। अध्यक्ष पद पर जीतने वाले श्रीचंद सारस्वत, उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता,महामंत्री महेश पाल,संयुक्त सचिव राकेश बाबू,कोषाध्यक्ष प्रदीप यादव,संयुक्त मंत्री जीत बहादुर,प्रचार मंत्री ब्रहमपाल,कार्यालय मंत्री पद पर निर्विरोध चुने गए जगह सिंह को शपथ दिलाई। इसके बाद सभी पदाधिकारियों ने अपना पद संभाल लिया।

संगठन के अध्यक्ष श्रीचंद सारस्वत ने कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारी कर्मचारियों के हित में कार्य करेंगे।कर्मचारियों की मांगे पूरी कराने के लिए अधिकारियों से समन्वय बनाकर पूरा कराने के प्रयास किए जाएंगे। बता दें कि चुनाव में कुल 344 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया था। मतगणना के बाद चुनाव अधिकारी संजीव कुमार भटनागर ने विजेताओं की घोषणा की थी। इन सभी पदाधिकारियों का तीन साल का कार्यकाल रहेगा।