इंदिरापुरम में अवैध निर्माण पर जीडीए का कड़ा एक्शन, सीलिंग और ध्वस्तीकरण की गई कार्रवाई

-स्वीकृत नक्शे के विपरीत बनाई गई बिल्डिंगों में अतिरिक्त निर्माण हटाया, प्रशासनिक टीम ने मैदान में उतरकर दिखाया सख्त रुख

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने इंदिरापुरम क्षेत्र में स्वीकृत नक्शे के विपरीत की गई अवैध बिल्डिंगों पर सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया और अनाधिकृत निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देशानुसार की गई, जिन्होंने अवैध कॉलोनियों और निर्माण को नियंत्रित करने के लिए कड़ा रुख अपनाने के आदेश दिए हैं।
शुक्रवार की देर शाम से ही जीडीए प्रवर्तन जोन-6 की टीम ने इंदिरापुरम क्षेत्र में सक्रिय होकर निरीक्षण शुरू कर दिया। प्रभारी आलोक रंजन के नेतृत्व में सहायक अभियंता पीयूष सिंह, अवर अभियंता गोपाल कृष्ण और वीके पांडेय ने जीडीए पुलिस बल के सहयोग से मौके पर ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान इंदिरापुरम के शक्तिखंड-2 के भूखंड संख्या-5 पर निर्माणकर्ता रानू भदौरिया, नीतिखंड-1 के भूखंड संख्या-1075 पर निर्माणकर्ता जीसी सक्सेना और शक्तिखंड-3 के भूखंड संख्या-340 पर निर्माणकर्ता सौरभ गुप्ता द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए गए अतिरिक्त निर्माण को तत्काल सील किया गया। वहीं इंदिरापुरम के नीतिखंड-2 भूखंड संख्या-48 पर अनिल त्यागी द्वारा किए गए अवैध निर्माण की छत को हथौड़े के जरिए तोड़ा गया और पूरे निर्माण को ध्वस्त किया गया।

जीडीए प्रवर्तन अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य इंदिरापुरम में कानून का पालन सुनिश्चित करना और भविष्य में अवैध निर्माण की प्रवृत्ति को रोकना है। अधिकारीयों ने स्पष्ट किया कि स्वीकृत नक्शे के विपरीत किसी भी प्रकार का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई होगी। इस मौके पर जीडीए पुलिस बल की तैनाती ने सुरक्षा और कार्रवाई को और प्रभावी बनाया। अधिकारियों ने निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर हर गतिविधि पर निगरानी रखी और सुनिश्चित किया कि ध्वस्तीकरण कार्य पूरी तरह से व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो। प्रभारी प्रवर्तन आलोक रंजन ने बताया कि जीडीए लगातार क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है और किसी भी संदिग्ध निर्माण की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे केवल स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही निर्माण करें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना जीडीए को दें। अधिकारियों ने कहा कि इस अभियान के जरिए इंदिरापुरम क्षेत्र को व्यवस्थित और कानूनी ढांचे के अनुसार विकसित किया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि निर्माण कार्य पारदर्शी, सुरक्षित और नियमानुसार हों। इस कार्रवाई से अन्य निर्माणकर्ताओं को भी साफ संदेश गया है कि जीडीए अवैध निर्माण को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।