शहर में हरियाली बढ़ाने और पार्कों के सौंदर्यीकरण को लेकर जीडीए वीसी ने की बैठक

जीडीए उपाध्यक्ष ने की समीक्षा बैठक में रामायण, लोहिया, सिटी पार्क पर फोकस किया फोकस

गाजियाबाद। शहर को सुंदर और हरा भरा बनाने के साथ प्रदूषण की समस्या से निपटने के साथ-साथ अब जीडीए पार्कों को भी विकसित करने पर जोर दे रहा है। अविकसित पार्कों को विकसित करने के साथ ही उनमें म्यूजिकल फाउंटेन, लेजर शो एवं शौचालय बनाने के साथ ही फलदार पौधे भी रोपित किए जाएंगे। शहर में थीम बेस्ड पार्क बनाने और पार्कों के सौंदर्यीकरण का जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने खाका तैयार कर लिया है। जल्द ही इसको लेकर कार्यवाही भी तेज हो जाएगी।

गुरूवार को जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने प्राधिकरण सभागार में उद्यान अनुभाग द्वारा कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक करते हुए अधिकारियों को यह दिशा-निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में जीडीए प्रभारी चीफ इंजीनियर मानवेेंद्र कुमार सिंह, उद्यान प्रभारी एसके भारती, संजीव कुमार, उद्यान निरीक्षक उपस्थित रहे। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने उद्यान प्रभारी एसके भारती को निर्देश दिए कि कोयल एंक्लेव योजना में प्रस्तावित रामायण पार्क व राजेंद्रनगर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क,मधुबन-बापूधाम स्थित सिटी पार्क आदि को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर तरीके से विकसित करने के लिए कार्य योजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि इन सभी पार्कों को विभिन्न थीम पर पार्क विकसित कराए जाएंगे। म्यूजिकल सिस्टम, वॉटर फाउंटेन के अलावा लेजर शो, पार्कों में शौचालयों का निर्माण, फुटपाथ आदि विकसित करने के साथ फलदार पौधे रोपित किए जाए। ताकि पार्कों में टहलने के लिए आने वाले लोगों का रूझान बढ़े। बैठक में जीडीए द्वारा कराए जा रहे पार्कों व ग्रीन बैल्ट व अन्य उद्यान के अनुरक्षित कार्यों का प्रजेंटेशन भी दिया गया। जीडीए उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि जीडीए सीमा क्षेत्र में पार्कों और ग्रीन बैल्ट से लेकर अन्य उद्यान के कार्यों को अनुरक्षित किए जाए। पार्कों को विभिन्न थीम पर बेहतर तरीके से विकसित किया जाए। इसके अलावा जो पार्क व ग्रीन बैल्ट नगर निगम को हैंडओवर है। मगर इन पार्कों व ग्रीन बैल्ट का रखरखाव जीडीए द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि नगर निगम के अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए इन पार्कों और ग्रीन बैल्ट को भी नगर निगम से हस्तांतरित करा लिया जाए।