-सख्त तेवर में जीडी, उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने दी चेतावनी- अब बख्शे नहीं जाएंगे अवैध निर्माणकर्ता
-विरोध के बीच बुलडोजर चला, पुलिस बल की मौजूदगी में गिराई गई दीवारें और पिलर
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में बेतरतीब विकास और अवैध निर्माण पर अब गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की कार्रवाई और तेज हो गई है। उपाध्यक्ष अतुल वत्स के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को जीडीए प्रवर्तन टीम ने ग्राम महरौली में बुलडोजर चलाकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। एनएच-9 के पास मनोज कुमार पुत्र करन सिंह द्वारा 25 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनाए गए अवैध कमरे और दुकानों को गिरा दिया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी विरोध हुआ। निर्माणकर्ता ने अपने साथियों के साथ मिलकर ध्वस्तीकरण रोकने का प्रयास किया, लेकिन जीडीए की टीम और पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित कर पूरे निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
जीडीए प्रवर्तन जोन-5 के प्रभारी अधिशासी अभियंता योगेश पटेल के नेतृत्व में सहायक अभियंता पीयूष सिंह, अवर अभियंता सुनील कुमार और मनोज सिंह की निगरानी में यह कार्रवाई पूरी की गई। मौके पर वेव सिटी थाना पुलिस और जीडीए पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। बुलडोजर के चलते अवैध दुकानों के लेंटर और पिलर तक जमींदोज कर दिए गए। गौरतलब है कि जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने हाल ही में यह स्पष्ट संदेश दिया था कि गाजियाबाद में अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने दो टूक कहा कि अवैध तरीके से जमीन पर कब्जा करने वालों और बिना अनुमति निर्माण करने वालों के खिलाफ अभियान अनवरत जारी रहेगा। चिन्हित किए जा रहे निर्माणों को नियमानुसार गिराया जाएगा। इस कार्रवाई से स्पष्ट संकेत मिल गया है कि जीडीए अब अवैध निर्माणों के प्रति किसी भी तरह की नरमी बरतने के मूड में नहीं है। महरौली में की गई यह कार्रवाई न केवल चेतावनी है, बल्कि भविष्य में भी ऐसे निर्माणों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की प्रस्तावना है।

















