– तीन ग्रामों में 1600 वर्ग मीटर में फैले निर्माणों पर चला बुलडोजर
– भारी विरोध के बीच भी नहीं रुकी कार्रवाई, प्राधिकरण का सख्त संदेश, अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन टीम द्वारा अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के सख्त आदेश के क्रम में बुधवार को मोरटा, ढऱगल व सिकरोड़ गांव के पास किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। बुधवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-1 के प्रभारी एवं ओएसडी राजीव रतन सिंह ने सहायक अभियंता रूद्रेश शुक्ला,अवर अभियंता इम्तियाज अहमद और जीडीए पुलिस की मौजूदगी में रवि अग्रवाल द्वारा खसरा संख्या-1135,ग्राम-मोरटा में पिलर नंबर 660-661 पर लगभग 500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध निर्माण किया गया।
इनके अलावा नीरज मित्तल पुत्र नरेश कुमार मित्तल ने खसरा संख्या-135-136,ग्राम-सिकरोड़ के नमो भारत रेल के पिलर नंबर-630 के सामने लगभग 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल में भूतल पर अवैध निर्माण किया गया था। इसके अलावा जगदीश चौधरी पुत्र ब्रहम सिंह,ग्राम-ढऱगल,वरदान हॉस्पिटल रोड पर लगभग 800 वर्गमीटर क्षेत्रफल में गोदाम के लिए अनाधिकृत रूप से निर्माण किया गया। जीडीए प्रवर्तन टीम ने बुलडोजर चलाकर गोदाम,लोहे के स्ट्रैक्चर और कमरे को ध्वस्त कर दिया। जीडीए की इस ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान निर्माणकर्ताओं ने जमकर विरोध किया। मगर जीडीए पुलिस बल ने उन्हें नियंत्रित कर दिया। इसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। जीडीए की अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई आगामी माह में अभियान जारी रहेगा।















