महाकुंभ-2025 में उत्कृष्ट सेवा का सम्मान, गाजियाबाद के अग्निशमन कर्मी किए गए अलंकृत

  • आग से बचाव और आपदा प्रबंधन में सराहनीय भूमिका निभाने वालों को मिला ‘महाकुंभ सेवा मेडल’

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विश्व के सबसे बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक समागम महाकुंभ मेला प्रयागराज-2025 के सफल आयोजन के बाद उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महाकुंभ के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किए जाने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में महाकुंभ-2025 के दौरान आग से बचाव, आपात परिस्थितियों के प्रभावी प्रबंधन और करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अग्निशमन तथा आपात सेवा विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों को महाकुंभ सेवा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त, ट्रांस हिंडन निमिष दशरथ पाटिल ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल की मौजूदगी में सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों को सम्मानित किया। यह सम्मान महाकुंभ जैसे विशाल आयोजन के दौरान अग्निशमन विभाग की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और अनुशासित कार्यप्रणाली का प्रमाण माना जा रहा है।

महाकुंभ मेला-2025 के दौरान गाजियाबाद अग्निशमन विभाग के अधिकारी राहुल पाल के नेतृत्व में विभाग ने आग से संबंधित संभावित खतरों को समय रहते नियंत्रित किया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़, अस्थायी शिविरों, रसोईघरों और विद्युत उपकरणों के बीच आग की किसी भी आशंका को रोकने के लिए निरंतर निगरानी, पूर्व तैयारी और त्वरित प्रतिक्रिया की रणनीति अपनाई गई। अधिकारी राहुल पाल की कार्यशैली को अनुशासन, दूरदर्शिता और टीमवर्क का उत्कृष्ट उदाहरण माना गया। अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने कहा कि महाकुंभ जैसे विराट आयोजन में सेवा का अवसर मिलना अपने आप में गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरी टीम की कड़ी मेहनत, समर्पण और निरंतर सजगता का परिणाम है।

विभाग का उद्देश्य हमेशा यही रहा कि श्रद्धालु निश्चिंत होकर अपने धार्मिक कर्तव्यों का पालन कर सकें और किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। राहुल पाल ने अपनी टीम की सराहना करते हुए कहा कि महाकुंभ के दौरान अग्निशमन कर्मियों ने दिन-रात ड्यूटी निभाई और हर चुनौती का सामना पूरी जिम्मेदारी के साथ किया। उनकी नेतृत्व क्षमता, स्पष्ट दिशा-निर्देश और मैदान में सक्रिय उपस्थिति ने विभाग के मनोबल को और मजबूत किया, जिसका सीधा लाभ आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था को मिला। पुलिस उपायुक्त, ट्रांस हिंडन निमिष दशरथ पाटिल ने कहा कि अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग की भूमिका महाकुंभ जैसे आयोजनों में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

गाजियाबाद के कर्मियों ने जिस तत्परता और पेशेवर दक्षता का परिचय दिया, वह अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। इस सम्मान से गाजियाबाद अग्निशमन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह और गर्व का माहौल है। विभागीय स्तर पर इसे न केवल उपलब्धि, बल्कि भविष्य में और बेहतर सेवा देने की प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है। महाकुंभ सेवा मेडल और प्रशस्ति पत्र अग्निशमन कर्मियों के उस जज़्बे को दर्शाते हैं, जिसके बल पर करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकी।