-22 खेलों की विश्वस्तरीय सुविधाएं होंगी उपलब्ध, शासन ने दी स्वीकृति
-स्पोर्ट्स टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा
-युवाओं और खिलाडिय़ों के लिए सुनहरा अवसर
-गाजियाबाद बनेगा खेलों का हब, स्पोर्ट्स टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा
उदय भूमि
गाजियाबाद। जनपद के खिलाडिय़ों और खेल प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। राज्य सरकार ने 103 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को स्वीकृति दे दी है। इस कॉम्प्लेक्स का निर्माण राजनगर एक्सटेंशन में 48,000 स्क्वायर मीटर भूमि पर किया जाएगा। इस फैसले से न सिर्फ शहर के खिलाडिय़ों को बेहतरीन सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि गाजियाबाद को एक प्रमुख खेल हब के रूप में भी विकसित किया जाएगा। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की मेहनत और दूरदर्शिता से इस योजना को हरी झंडी मिली है। नगर निगम ने कई बार शासन के समक्ष इस परियोजना का प्रस्तुतीकरण दिया और आखिरकार इसे स्वीकृति मिल गई।
अब टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। इस भव्य प्रोजेक्ट को उत्तर प्रदेश जल निगम की सीएंडडीएस संस्था द्वारा तैयार किया जाएगा। राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत मंजूर इस प्रोजेक्ट से गाजियाबाद का खेलों के क्षेत्र में कद और ऊंचा होगा। युवा खिलाडिय़ों को यहां विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहरा सकें। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और महापौर सुनीता दयाल के नेतृत्व में यह योजना साकार हो रही है। इस प्रोजेक्ट से गाजियाबाद के खिलाडिय़ों को न सिर्फ ट्रेनिंग के लिए बेहतरीन माहौल मिलेगा, बल्कि यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे स्पोर्ट्स टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा।
22 खेलों की अत्याधुनिक सुविधाएं एक ही छत के नीचे
इस मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां 22 अलग-अलग खेलों के लिए आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा, जिनमें बास्केटबॉल, बैडमिंटन, हैंडबॉल, क्रिकेट पिच, फिट इंडिया जोन, वॉलीबॉल, स्विमिंग पूल, शूटिंग रेंज, योगा सेंटर, कराटे, ताइक्वांडो, बॉक्सिंग, कुश्ती, लॉन टेनिस, टेबल टेनिस, स्क्वैश, वॉकिंग और जॉगिंग ट्रैक शामिल है। यहां कई ऐसे खेलों के लिए सुविधाएं होंगी जिनके राष्ट्रीय टूर्नामेंट भी इसी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किए जा सकेंगे। इससे गाजियाबाद की पहचान एक खेल नगरी के रूप में उभरने की ओर बढ़ेगी।
आधुनिक सुविधाएं जो इसे बनाएंगी खास
यह कॉम्प्लेक्स सिर्फ खेलों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें खिलाडिय़ों की फिटनेस और मेंटल वेलनेस का भी ध्यान रखा जाएगा। कुछ प्रमुख सुविधाएं इस प्रकार हैं:
• स्पोर्ट्स कंपलेक्स स्पा और फिजियोथेरेपी रुम
• एयर शूटिंग रूम और कॉम्बैट हॉल
• गेस्ट रूम और बैंक्वेट हॉल
• कैफेटेरिया और स्पोर्ट्स गुड्स शॉप्स
• 8233 स्क्वायर मीटर में फैला विशाल पार्किंग एरिया
• कमांड एंड कंट्रोल रूम, डॉक्टर क्लीनिक, बच्चों के लिए एक्टिविटी रूम
गाजियाबाद की नई पहचान: खेल नगरी!
इस शानदार परियोजना की घोषणा के बाद शहर में उत्साह का माहौल है। खेल संघों और जनप्रतिनिधियों ने नगर निगम और शासन को धन्यवाद दिया और इसे गाजियाबाद के खेल भविष्य के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। अब इंतजार है इस प्रोजेक्ट के जल्द शुरू होने का, ताकि गाजियाबाद के खिलाड़ी अपने सपनों को साकार कर सकें और देश-दुनिया में शहर का नाम रोशन कर सकें।

नगर आयुक्त
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक का कहना है किक गाजियाबाद के खिलाडिय़ों के लिए यह एक ऐतिहासिक क्षण है। शासन द्वारा स्वीकृति मिलने के बाद अब जल्द ही मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य शुरू होगा। इस प्रोजेक्ट से गाजियाबाद न केवल एक खेल हब के रूप में उभरेगा, बल्कि यहां के युवा खिलाडिय़ों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी। हमने इस परियोजना को धरातल पर लाने के लिए कई बार शासन के समक्ष प्रजेंटेशन दिया और आखिरकार सफलता मिली। उन्होंने कहा, स्पोर्ट्स टूरिज्म को बढ़ावा देने के साथ-साथ यह कॉम्प्लेक्स शहर की आर्थिक और सामाजिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यहां 22 खेलों की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट भी आयोजित किए जा सकेंगे। गाजियाबाद के खेल प्रेमियों और खिलाडिय़ों के लिए यह किसी सौगात से कम नहीं है। नगर निगम लगातार शहर के विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए कार्य कर रहा है।
मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में किए गए निरंतर प्रयासों का ही परिणाम है कि गाजियाबाद को यह भव्य मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मिलने जा रहा है। शासन की स्वीकृति के बाद अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी और निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स आधुनिक तकनीकों और विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त होगा। इसमें खिलाडिय़ों के लिए स्पोर्ट्स कंपलेक्स स्पा, योग रूम, फिजियोथेरेपी रूम, एयर शूटिंग रूम, कॉम्बैट हॉल, स्क्वैश कोर्ट, डॉक्टर क्लीनिक, चिल्ड्रन एक्टिविटी रूम, कमांड एंड कंट्रोल रूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा, कैफेटेरिया, बैंक्वेट हॉल और स्पोर्ट्स गुड्स शॉप्स भी बनाए जाएंगे, जिससे यह सिर्फ एक खेल परिसर नहीं, बल्कि संपूर्ण स्पोर्ट्स हब बनेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि गाजियाबाद का यह प्रोजेक्ट आने वाले समय में शहर को एक नई पहचान देगा और यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त कर सकेंगे।


















