गाजियाबाद में हाउस टैक्स पर निगम का राहत पैकेज, 31 अगस्त तक छूट और पांच सुपर जोनल अधिकारियों की तैनाती

-व्यापारियों से मिले नगर आयुक्त, एमएसएमई और ओटीएस योजना की दी जानकारी
-पांच सुपर जोनल अधिकारी संभालेंगे हेल्प डेस्क की कमान, सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक रहेंगे मौजूद
-120 वर्ग फीट तक की दुकानों को मिलने वाली राहत की भी दी जानकारी
-करदाताओं की समस्याओं के समाधान के लिए सभी जोनों में बनेगी विशेष हेल्प डेस्क

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम ने हाउस टैक्स जमा करने वाले करदाताओं को बड़ी राहत देते हुए छूट की अवधि बढ़ाकर 31 अगस्त तक कर दी है। व्यापारियों की मांग को देखते हुए नगर निगम के इस निर्णय से बड़ी संख्या में करदाताओं को लाभ मिलेगा। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने व्यापारियों से सीधे संवाद कर हाउस टैक्स से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और शासन की ओर से दी जा रही सुविधाओं की जानकारी भी दी। नगर निगम के इस फैसले पर व्यापारियों ने शहर विधायक संजीव शर्मा और नगर आयुक्त का स्वागत करते हुए आभार जताया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक व्यापारियों के धरना स्थल पर पहुंचे और उनसे वार्ता की। उन्होंने व्यापारियों को हाउस टैक्स में मिलने वाली छूट, एमएसएमई योजना तथा 120 वर्ग फीट क्षेत्रफल वाली दुकानों को हाउस टैक्स में मिलने वाली राहत के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान ओटीएस योजना को लेकर भी चर्चा हुई।

नगर आयुक्त ने व्यापारियों से अपील की कि वे किसी के बहकावे या गलत जानकारी में न आएं और हाउस टैक्स से संबंधित जानकारी नगर निगम के अधिकृत माध्यमों से ही प्राप्त करें। व्यापारियों की मांग पर नगर निगम ने छूट की अवधि 31 अगस्त तक बढ़ाने का निर्णय लिया।  करदाताओं को हाउस टैक्स जमा करने और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान कराने के लिए नगर निगम के सभी जोनों में विशेष हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि करदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो और उनकी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। हेल्प डेस्क की व्यवस्था की निगरानी के लिए पांच अधिकारियों को सुपर जोनल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नगर निगम की ओर से अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव को कविनगर जोन, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अनुरुद्ध कुमार को सिटी जोन, उपमुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह को विजयनगर जोन, मुख्य नगर लेखा परीक्षक विवेक सिंह को मोहन नगर जोन तथा वरिष्ठ लेखा परीक्षक विमल कुमार को वसुंधरा जोन का सुपर जोनल अधिकारी बनाया गया है। सभी अधिकारी सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक अपने संबंधित जोनों में मौजूद रहकर करदाताओं की शिकायतों और समस्याओं का समाधान कराएंगे।

व्यापारियों ने हाउस टैक्स में छूट की अवधि बढ़ाने, सभी जोनों में हेल्प डेस्क स्थापित करने और उसकी निगरानी के लिए सुपर जोनल अधिकारियों की तैनाती किए जाने पर शहर विधायक संजीव शर्मा और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक का आभार जताया। व्यापारियों ने कहा कि नगर निगम द्वारा उनकी मांग पर तत्काल कार्रवाई किए जाने से करदाताओं को राहत मिलेगी। मौके पर राज किशोर, राजू छाबड़ा, गौरव गर्ग समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे। इस दौरान टैक्स विभाग के संबंधित अधिकारी और अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार भी उपस्थित रहे।