विजुअल प्रदूषण मुक्त शहर बनेगा गाजियाबाद

– अवैध होर्डिग्स हटाने को लेकर नगर निगम के विशेष अभियान की हुई शुरूआत

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। अवैध होर्डिग्स के जरिये शहर की सुंदरता को खराब करने और विजुअल प्रदूषण फैलाने वालों पर म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने जोरदार प्रहार किया है। गाजियाबाद ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में पहली बार विजुअल प्रदूषण रोकने के लिए किसी नगर निगम द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार से गाजियाबाद में विजुअल प्रदूषण मुक्त गाजियाबाद अभियान की शुरूआत हुई। अभियान के तहत शहर में जिन सड़कों पर भी अवैध रूप से होर्डिंग्स लगे हैं उन्हें हटाया जा रहा है।

सभी जोन के जोनल प्रभारी को अपने-अपने क्षेत्र में होर्डिंग्स से पटे सड़कों को चिन्हित करने को कहा गया है। संपत्ति विभाग से वैध होर्डिंग्स की लिस्ट मंगाई जा चुकी है। नगर निगम का यह अभियान अनूठा है और इससे ना सिर्फ विजुअल प्रदूषण को रोका जा सकेगा बल्कि अवैध होर्डिंग्स के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। इसके अलावा नगर निगम को अवैध होर्डिंग्स के जरिये चूना लगाने वालों पर भी चोट होगा।
गाजियाबाद में अवैध होर्डिंग्स की समस्या गंभीर है। शहर के मुख्य मार्ग हो या फिर कॉलोनी की सड़कें हर जगह अवैध होर्डिंग्स की भरमार है। अवैध होर्डिंग्स ना सिर्फ शहर की सुंदरता को खराब करते हैं बल्कि इन होर्डिंग्स की वजह से दुर्घटनाएं भी होती है। दो वर्ष पूर्व गाजियाबाद में अवैध होर्डिंग्स गिरने के कारण दो राहगीरों की मौत भी हो चुकी है। अवैध होर्डिंग्स के धंधे में माफिया तत्व सक्रिय हैं। इन पर लगाम लगाने के लिए म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। सोमवार को उन्होंने इसकी शुरूआत सिटी जोन से की। म्युनिसिपल कमिश्नर ने अपनी मौजूदगी में सिटी जोन में जीटी रोड, राकेश मार्ग और चौधरी मोड़ के आसपास के क्षेत्र से अवैध होर्डिंग्स हटाया। मोहनगर, वसुंधरा, कविनगर और विजयनगर जोन में भी लगातार अभियान चलेगा। अवैध होर्डिंग्स विजुअल प्रदूषण फैलाता है जिसे नगर निगम ने खत्म करने का निर्णय लिया गया है।

अवैध होर्डिंग्स शहर के लिए नासूर है। इन होर्डिंग्स की वजह से शहर की सुंदरता खराब होती है और विजुअल प्रदूषण फैलता है। इसे खत्म करने के लिए गाजियाबाद नगर निगम द्वारा विशेष अभियान की शुरूआत की गई है। महीने के अंत तक शहर में अवैध रूप से लगे होर्डिंग्स को हटाने का अभियान चलाया जाएगा और शहर को विजुअल प्रदूषण से मुक्त किया जाएगा।
महेंद्र सिंह तंवर
म्युनिसिपल कमिश्नर
गाजियाबाद।