-ग्रीन बेल्ट, सेंट्रल वर्ज और प्रमुख चौराहों को सजाकर शहर को बनाया जा रहा सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल
-नगर निगम ने शहर की खूबसूरती और पर्यावरण संरक्षण में बढ़ाया योगदान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर को हरा-भरा और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए नगर निगम ने एक व्यापक स्तर का पौधारोपण और सौंदर्यकरण अभियान शुरू किया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशानुसार निगम के पांचों जोनों में ग्रीन बेल्ट, सेंट्रल वर्ज और प्रमुख चौराहों को सुंदर बनाने के लिए विविध प्रकार के पौधों का रोपण किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य न केवल शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक बनाना है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, वायु गुणवत्ता सुधार और तापमान संतुलन सुनिश्चित करना भी है। नागरिकों की जीवनशैली को प्राकृतिक वातावरण के करीब लाने के लिए नगर निगम ने डेट पाम, हमेलिया, चांदनी, फेक्सपांडा, पोनिक्स पाम, रॉयल पाम, कैलेंडर, एनर्मी और लिली जैसी आकर्षक और उपयोगी प्रजातियों के पौधों का चयन किया है। निगम के उद्यान विभाग के प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के तहत शहर के लगभग 25 से 30 प्रमुख स्थानों पर ग्रीन बेल्ट और सेंट्रल वर्ज को सुव्यवस्थित और हरा-भरा किया जा रहा है।
कविनगर जोन में कलेक्ट्रेट आरडीसी फ्लाईओवर से हरसाव पुलिस लाइन तक, विवेकानंद नगर तिराहे से संजय नगर, संजय नगर फ्लाईओवर से हापुड़ चुंगी और एनएच-9 डायमंड फ्लाईओवर की ग्रीन बेल्ट को पूरी तरह से सुंदर और हरा-भरा बनाया गया है। वहीं वसुंधरा जोन में वैशाली हरमोहन सिंह मार्ग, रामप्रस्थ रोड, सेक्टर-1 से सेक्टर-16सी तक, गुरुद्वारा से सेक्टर-2सी पुलिया तक, आयकर भवन से सेक्टर-2सी तक, सेक्टर-10डी जोनल ऑफिस से सेक्टर-16 के सामने, सेक्टर-2बी से सेक्टर-18, आनंद विहार रोड से पैसिफिक मॉल, सब्जी मंडी साहिबाबाद और सेक्टर-13, 15, 16 के सामने ग्रीन बेल्ट का सौंदर्यकरण किया जा रहा है।
सिटी जोन में हिंदन फ्लाईओवर से मेरठ रोड तिराहे तक सेंट्रल वर्ज और नंदी पार्क के सामने से जीटी रोड तक सेंट्रल वर्ज को नया स्वरूप दिया जा रहा है। मोहन नगर जोन में एयरपोर्ट रोड सेंट्रल वर्ज, दिल्ली बॉर्डर से नागद्वार तक और विभिन्न प्रमुख चौराहों पर पौधारोपण और सौंदर्यकरण कार्य चल रहा है। इसके अलावा विजयनगर और इंदिरापुरम क्षेत्र में भी हरियाली बढ़ाने के लिए अभियान तेज़ी से जारी है।
नगर निगम के इस अभियान की खास बात यह है कि इसमें न केवल सार्वजनिक स्थल शामिल हैं, बल्कि नागरिकों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है कि वे अपने घरों की बालकनी, गार्डन, टेरेस गार्डन और किचन गार्डन में अधिक से अधिक पौधे लगाएं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही गाजियाबाद को हरियाली, स्वच्छता और सुंदरता में अग्रणी शहर बनाया जा सकता है। डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि पौधारोपण अभियान के साथ-साथ ग्रीन बेल्टों और चौराहों के रखरखाव, सिंचाई और नियमित निगरानी की भी व्यवस्था की गई है, ताकि लगाए गए पौधे लंबे समय तक स्वस्थ और हरे-भरे रहें। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल शहर की सौंदर्यवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि युवाओं और बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने में भी सहायक होगी। नगर निगम का यह अभियान शहरवासियों के बीच पर्यावरण संरक्षण, हरियाली और सौंदर्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना जागृत करने का भी एक प्रयास है। नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने आसपास के क्षेत्रों को हरियाली और सुंदरता से सजाने में सहयोग करें।

नगर निगम द्वारा गाजियाबाद में चलाए जा रहे पौधारोपण और सौंदर्यकरण अभियान को देखकर खुशी होती है। यह न केवल शहर को हरियाली और सुंदरता प्रदान करता है, बल्कि नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ाता है। मैं सभी नागरिकों से अपील करती हूँ कि वे अपने घरों, गार्डन और बालकनियों में अधिक से अधिक पौधे लगाकर इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें। सामूहिक प्रयासों से ही गाजियाबाद को स्वच्छ, हरा-भरा और आकर्षक शहर बनाया जा सकता है।
सुनीता दयाल
महापौर

नगर आयुक्त
हमारा उद्देश्य गाजियाबाद को न केवल स्वच्छ और हरा-भरा बनाना है, बल्कि इसे आकर्षक और पर्यावरण के अनुकूल शहर के रूप में विकसित करना भी है। नगर निगम के पांचों जोनों में ग्रीन बेल्ट, सेंट्रल वर्ज और प्रमुख चौराहों पर पौधारोपण और सौंदर्यकरण अभियान जारी है। नागरिकों से हमारी अपील है कि वे अपने घरों की बालकनी, गार्डन, टेरेस गार्डन और आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाकर इस पहल में भाग लें। सामूहिक प्रयासों से ही गाजियाबाद को हरियाली और सुंदरता में अग्रणी शहर बनाया जा सकता है।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त

उद्यान प्रभारी
नगर निगम के पांचों जोनों में ग्रीन बेल्ट, सेंट्रल वर्ज और प्रमुख चौराहों पर पौधारोपण और सौंदर्यकरण का कार्य तेजी से जारी है। इसके तहत डेट पाम, हमेलिया, चांदनी, फेक्सपांडा, पोनिक्स पाम, रॉयल पाम, कैलेंडर, एनर्मी और लिली जैसी विशेष प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं। हमारा उद्देश्य केवल शहर को हरा-भरा बनाना ही नहीं है, बल्कि नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ाना है। साथ ही, लगाए गए पौधों की लंबी अवधि तक देखभाल और रखरखाव की व्यवस्था की जा रही है, ताकि गाजियाबाद लंबे समय तक हरियाली और सुंदरता में अग्रणी बने।
डॉ. अनुज कुमार सिंह
उद्यान प्रभारी

















