उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मोहन नगर स्थित आईटीएस के सूचना प्रौद्योगिकी (लगातार चार बार राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड द्वारा प्रत्यायित एमसीए पाठ्यक्रम) विभाग द्वारा रविवार को बारहवें अन्तर्महाविद्यालय समारोह समग्र- 2025 का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के साथ-साथ सुदूर स्थानों जैसे लखनऊ, मुरादाबाद, जयपुर, मेरठ, गौतम बुद्ध नगर एवं फरीदाबाद के विभिन्न महाविद्यालयों से एक हजार से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को एक साझा मंच प्रदान करना था, जहाँ वे विविध गतिविधियों में भाग लेकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें एवं आपसी समझ और सहयोग को बढ़ावा दे सकें। इस समारोह में कुल दस प्रतियोगिताओं को सम्मिलित किया गया था जिनमें एकल गायन, एकल नृत्य, सी प्रोग्रामिंग, पाइथन प्रोग्रामिंग, कहानी वाचन, खोज प्रतियोगिता, चलचित्र निर्माण, रंगोली, सूचना प्रौद्योगिकी प्रश्नोत्तरी तथा पोस्टर निर्माण शामिल थे।
इस कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ एंटनी सटर, प्रस्ताव प्रमुख, आईबीएम क्लाउड, टेक्सास, ह्यूस्टन, अमेरिका, सूचना प्रौद्योगिकी तथा स्नातक विभाग के निदेशक डॉ सुनील कुमार पांडे, एमसीए विभाग की संयोजिका प्रो पूजा धर, सह-संयोजिका प्रो स्मिता कंसल तथा आयोजन समिति के सदस्य प्रो सौरभ सक्सेना द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर आईटीएस समूह के अध्यक्ष डॉ आरपी चड्ढा एवं उपाध्यक्ष अर्पित चड्ढा ने अपने संदेश में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र एवं दूरवर्ती स्थानों से बड़ी संख्या में विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों के प्रतिभाग करने पर प्रसन्नता व्यक्त की और सभी प्रतियोगियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह समारोह सभी को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराएगा, जहाँ वे अपनी प्रतिभा एवं कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकेंगे।
आईटीएस, मोहन नगर के सूचना प्रौद्योगिकी एवं स्नातक परिसर के निदेशक डॉ सुनील कुमार पांडे ने सभी विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों में टीम भावना, आयोजन कौशल, संवाद क्षमता एवं आपसी समझ विकसित करने का स्वर्णिम अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम की पूर्व भूमिका में आयोजन समिति की सदस्या प्रो स्मिता कंसल ने आयोजन के उद्देश्यों, गतिविधियों एवं कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि एंटनी सटर ने आईटीएस गाजियाबाद के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे संस्थान की दूरदर्शिता का प्रतीक बताया। उन्होंने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान युग सूचना प्रौद्योगिकी का युग है।
उन्होंने इससे जुड़ी चुनौतियों एवं नवाचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज की आवश्यकता है कि हम सक्रियता, कल्पनाशीलता एवं शोध को बढ़ावा दें, यही इस प्रतिस्पर्धात्मक समय में दीर्घकालिक सफलता का मार्ग है। पूरे दिन आयोजित इस समारोह में कुल दस प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं, जिनमें पचास संस्थानों के एक हज़ार से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। समारोह के अंतिम चरण में निर्णायक मंडल की संस्तुति के आधार पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा की गई और उन्हें पुरस्कृत किया गया। समापन सत्र में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार, पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस सत्र का संचालन आयोजन समिति के सदस्य प्रो सौरभ सक्सेना द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र, संकाय सदस्य एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

















