-दूसरे दिन भी सफल रहा आयोजन, सफाई व्यवस्था से लेकर पेयजल प्रबंधन तक निगम ने संभाली जिम्मेदारी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार की सेवा, सुरक्षा व सुशासन नीति के 8 वर्ष पूरे होने पर गाजियाबाद के कविनगर रामलीला ग्राउंड में भव्य महोत्सव का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, नगर निगम, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, मत्स्य विभाग, मुख्य विकास विभाग सहित कई अन्य विभागों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को भी बड़ी संख्या में अतिथियों का आगमन रहा और नगर निगम की प्रदर्शनी को आगंतुकों द्वारा खूब सराहा गया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में निगम की टीम ने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार सहित विभागीय अधिकारियों की विशेष ड्यूटी लगाई। महोत्सव के दौरान नगर विकास विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा प्रकाशित सेवा, सुरक्षा व सुशासन के 8 वर्ष पुस्तक का भी बड़े पैमाने पर वितरण किया गया। कार्यक्रम स्थल की सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार के निर्देशन में 30 सफाई मित्रों की विशेष टीम तैनात की गई।
सफाई व्यवस्था में निगम की विशेष तत्परता
-50 डस्टबिन और 4 मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था
– सुबह और रात में विशेष सफाई अभियान
– नियमित फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव
– पेयजल और शौचालय की सुचारु व्यवस्था
भव्य प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
नगर निगम की योजनाओं की प्रदर्शनी में शहर के विकास कार्यों की झलक प्रस्तुत की गई। आगंतुकों और जनप्रतिनिधियों ने गाजियाबाद नगर निगम की व्यवस्थाओं की खुलकर प्रशंसा की। गाजियाबाद में आयोजित यह महोत्सव सेवा, सुरक्षा और सुशासन की उपलब्धियों का भव्य प्रतीक बनकर उभरा है। नगर निगम सहित अन्य विभागों के समन्वित प्रयास से यह आयोजन पूरी तरह सफल रहा।
















