-श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए होंगे पुख्ता इंतजाम,नगर निगम की व्यवस्थाएं होगी चाक-चौबंद, विभागवार अधिकारियों की लगेगी ड्यूटी
उदय भूमि
गाजियाबाद। महापर्व महाशिवरात्रि को लेकर गाजियाबाद नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने मंगलवार को निगम अधिकारियों के साथ दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था, जल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा जैसी सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया। नगर आयुक्त ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने महंत नारायण गिरी से भेंट कर महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर चर्चा की। उन्होंने मंदिर प्रबंधकों, पुजारियों और अन्य अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने पर जोर दिया। नगर निगम के अनुसार, दिल्ली गेट देवी मंदिर और प्राचीन दूधेश्वर नाथ मंदिर पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी, जिसके लिए निगम द्वारा विशेष योजनाएं बनाई गई हैं।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहर हित में लगातार किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए। महाशिवरात्रि पर लाखों श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन करने आएंगे, इसलिए हमें सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाना होगा। गाजियाबाद नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है ताकि हर श्रद्धालु को सुगम और सुरक्षित दर्शन मिल सकें।
महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त के नेतृत्व में नगर निगम हर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए बेहतर कार्य कर रहा है। नगर निगम की इन तैयारियों के चलते गाजियाबाद में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। नगर निगम की बेहतर योजनाओं और व्यवस्थाओं से यह पर्व और भी स्मरणीय और सुगम बनने की उम्मीद है। हर-हर महादेव के जयघोष के साथ, गाजियाबाद पूरी तरह से महाशिवरात्रि के भक्ति और उल्लास में रंगने को तैयार है।
शिवरात्रि पर नगर निगम करेगा विशेष व्यवस्थाएं
महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन और आरामदायक पूजा-अर्चना का अनुभव देने के लिए नगर निगम निम्नलिखित प्रमुख व्यवस्थाएं करेगा।
• बैरिकेडिंग की मजबूत व्यवस्था – मंदिर परिसरों में भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा बनाए रखने के लिए।
• शुद्ध पेयजल की समुचित आपूर्ति – जलकल विभाग को विशेष रूप से निर्देशित किया गया।
• सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद – मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई के आदेश।
• प्रकाश व्यवस्था में सुधार – अतिरिक्त लाइटिंग की जाएगी ताकि रात में भी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
• मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था – स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष ध्यान दिया जाएगा।
• डस्टबिन की पर्याप्त उपलब्धता – कचरा निस्तारण को व्यवस्थित करने के निर्देश जारी।
• विभागवार अधिकारियों की तैनाती – सभी व्यवस्थाओं की निगरानी और मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई।
शहरभर के शिवालयों में भी होंगी विशेष व्यवस्थाएं
गाजियाबाद नगर निगम सिर्फ दूधेश्वर नाथ मंदिर ही नहीं, बल्कि पूरे शहर के अन्य प्रमुख शिवालयों में भी विशेष व्यवस्थाएं कर रहा है। दिल्ली गेट देवी मंदिर, गोविंदपुरम शिव मंदिर, राजनगर एक्सटेंशन शिव मंदिर सहित अन्य प्रमुख शिवालयों पर निगम द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। प्रसाद वितरण और जलाभिषेक के दौरान सुरक्षा और सुगम व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।



















