-अवैध शराब के खिलाफ जिले में चला विशेष प्रवर्तन अभियान, हिम्मत सिंह के नेतृत्व में लगातार दबिश
-कई भट्टियां और लहन नष्ट, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर विभाग पूरी तरह सतर्क
उदय भूमि संवाददाता
रामपुर। दीपावली पर्व नजदीक है, और इसी के साथ बाजारों में रौनक बढ़ने के साथ-साथ प्रशासनिक सख्ती भी तेज हो गई है। खुशियों के इस महापर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला आबकारी अधिकारी हिम्मत सिंह ने मोर्चा संभाल लिया है। जिले में अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से आबकारी विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान के तहत 24 घंटे टीमें सक्रिय हैं और बाहरी राज्यों से आने वाली तस्करी पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। आबकारी अधिकारी हिम्मत सिंह के निर्देशन में जिले के हर कोने में कार्रवाई का दौर जारी है। दीपावली से पहले किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को पनपने न देने के लिए विभाग ने तहसीलवार विशेष टीमों का गठन किया है, जो लगातार छापेमारी और जांच कर रही हैं। बुधवार को आबकारी निरीक्षक अरविंद कुमार मिश्र और अनुपम सिंह की संयुक्त टीम ने तहसील मिलक क्षेत्र के ग्राम खाता चिंतामन, सिहरी और बाबुरा में दबिश दी।
वहीं दूसरी ओर, आबकारी निरीक्षक प्रफुल्ल कुमार सिंह और संजय कुमार की टीम ने तहसील बिलासपुर के नसरत नगर के जंगल में छापा मारा। इस दौरान टीम को जंगलों और खेतों में अवैध शराब बनाने की कई भट्टियां जलती मिलीं, जिन्हें मौके पर नष्ट कर दिया गया। साथ ही बरामद कच्ची शराब को जब्त करते हुए बरामद लहन को नष्ट कर दिया गया। टीम ने ग्रामीणों को भी जागरूक करते हुए अवैध शराब से दूरी बनाए रखने और विभागीय कार्यवाही में सहयोग की अपील की।आबकारी निरीक्षक नंदिनी यादव और अनुपम सिंह की टीम ने तहसील टांडा क्षेत्र की मदिरा दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोपनीय रूप से टेस्ट पर्चेज कराया गया, जिसमें किसी भी दुकान पर ओवर रेटिंग की शिकायत नहीं पाई गई। दुकानों पर सभी प्रचलित ब्रांड्स उपलब्ध मिले। विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए गए कि ई-पास मशीन के माध्यम से ही शराब की बिक्री सुनिश्चित करें, अन्यथा कार्रवाई से नहीं बचा जा सकेगा। हिम्मत सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि ओवररेटिंग या अवैध बिक्री में लिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति को सीधे जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि दीपावली पर्व पर जिले में कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा सर्वोपरि है, और किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
आबकारी अधिकारी हिम्मत सिंह की कार्यशैली की चर्चा अब जिले भर में है। उनका फील्ड में खुद उतरना, रात-दिन अभियान की निगरानी करना और टीमों को निरंतर निर्देश देना उनकी जिम्मेदार और सक्रिय प्रशासनिक सोच को दर्शाता है। अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के उनके प्रयासों से न केवल तस्करों में हड़कंप मचा है, बल्कि आमजन में भी यह संदेश गया है कि दीपावली की खुशियां अब नशे की कालिख से नहीं, बल्कि कानून और सुरक्षा की रोशनी से जगमगाएंगी। हिम्मत सिंह ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने लाइसेंसधारी दुकानदारों को भी चेताया है कि वे अपने विक्रेताओं की गतिविधियों पर नजर रखें और नियमों का कड़ाई से पालन करें। जिलेभर में आबकारी विभाग की मुस्तैदी और हिम्मत सिंह की सख्त कार्रवाई से साफ संकेत मिल रहे हैं कि इस दीपावली तस्करों और अवैध कारोबारियों की खैर नहीं है। विभाग की हर टीम पूरी तरह सतर्क है और किसी भी सूचना पर तत्काल एक्शन लेने के लिए तैयार है।

जिला आबकारी अधिकारी
दीपावली खुशियों और सुरक्षा का पर्व है। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले में कोई भी व्यक्ति अवैध शराब के जाल में न फँसे। हमने अवैध निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। जिले में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है और आबकारी विभाग की टीमें 24 घंटे मुस्तैद हैं। बाहरी राज्यों से होने वाली तस्करी पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। हमने जिले में टीमों का गठन किया है जो लगातार छापेमारी कर रही हैं। कई स्थानों पर अवैध भट्टियाँ नष्ट की गई हैं और तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही लाइसेंसधारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमों का पालन करें और अपनी दुकानों पर ओवररेटिंग या अवैध बिक्री न होने दें। अवैध शराब बेचने या बनाने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। जनता से भी अपील है कि ऐसे किसी भी संदेहास्पद गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें। हमारा लक्ष्य है कि दीपावली का पर्व जिले में शांति, कानून व्यवस्था और खुशहाली के साथ संपन्न हो।
हिम्मत सिंह
जिला आबकारी अधिकारी
रामपुर।

















