गाजियाबाद में पत्नी को लव यू बोलकर पति ने लगाई फांसी, तू खुश रहिये, सोनू तो चला

गाजियाबाद। कवि नगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना 23 सितंबर गांव हरसांव की है, जिसका लाइव वीडियो 6 दिन बाद सामने आया है। मरने से पहले इस व्यक्ति ने 45 सेकेंड की एक वीडियो मोबाइल से रिकॉर्ड की, जिसमें वो पत्नी के लिए आखिरी मैसेज रिकॉर्ड करता है। कविनगर थाना पुलिस ने पत्नी व अन्य ससुराल वालों के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है। सुसाइड से पहले जोगेंद्र ने जो वीडियो बनाया। वो पुलिस को भी मिला है। जोगेंद्र ने आखिरी मैसेज में क्या-कुछ कहा है… हैलो अंजू, ये मैसेज तेरे लिए है बस। ठीक है मेरी जान।

बाकी आज आखिरी बार शक्ल देख ले। कोई दिक्कत ना है। तेरे बालक ठीक हैं। तू खुश रहिये। सोनू तो चला। तेरी बहन ने कहा था कि वो तेरा दूसरा ब्याह कराएगी, तो अब तेरा दूसरा ब्याह हो जाएगा। चल बाय, बेटा अपना ख्याल रखियो। अगर कुछ गलती हुई हो तो माफ कर दियो। और बाकी देख, मेरे जाने के पीछे तू यहां तो आने की नहीं। बालक भी गए और मैं भी गया। आराम से अपना घर बसाना। लव यू…इतना कहने के बाद जोगेंद्र फांसी के फंदे को दिखाता है, जो उसने दरवाजे के सहारे लटकाया हुआ था। अब इस मामले में जोगेंद्र के पिता जयप्रकाश ने पत्नी अंजू, साली आशा और साले मनीष पर मुकदमा दर्ज कराया है।

जयप्रकाश के मुताबिक, जोगेंद्र की शादी साल 2019 में बुलंदशहर के अहमदगढ़ इलाके के गांव अतरौली नंगला में रहने वाली अंजू से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले जोगेंद्र को परेशान करते थे। ससुराल में बुलाकर उसके साथ कई बार मारपीट की गई थी। ससुरालवाले चाहते थे कि जोगेंद्र अपनी कुछ पुश्तैनी संपत्ति पत्नी अंजू के नाम कर दे। हमने इसलिए जोगेंद्र को अलग मकान भी दे दिया। इसके बावजूद उसके ससुरालवाले उत्पीडऩ कर रहे थे। 21 सितंबर को भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। जिसके बाद अंजू ससुराल से अपने मायके बुलंदशहर चली गई। 23 सितंबर की सुबह जोगेंद्र की पत्नी अंजू व साले मनीष से फोन पर कहासुनी हुई। जिसके बाद जोगेंद्र ने सुसाइड की वीडियो बनाकर पत्नी के मोबाइल पर भेजी और फिर फांसी लगाकर जान दे दी। एसीपी कवि नगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया, 23 सितंबर को खुदकुशी की घटना हुई थी। अब वीडियो सामने आने के बाद परिजनों ने तहरीर दी है, इस आधार पर तीन के विरुद्ध खुदकुशी के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है।