आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल जीवन बीमा ने पूरे किए 25 गौरवशाली वर्ष: विश्वास, पारदर्शिता और सेवा की मिसाल

-अनुभवी वित्तीय सलाहकार रविंद्र तिवारी ने साझा किया 18 वर्षों का प्रेरक सफर, कंपनी की उपलब्धियों और जीवन बीमा की बढ़ती आवश्यकता पर रखे अहम विचार

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भारत की अग्रणी निजी जीवन बीमा कंपनियों में शामिल आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल जीवन बीमा ने देश में अपनी सेवाओं के शानदार 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं। वर्ष 2001 में स्थापित कंपनी ने इन वर्षों में न केवल बीमा क्षेत्र में नई पारदर्शिता और भरोसे का मानक स्थापित किया है, बल्कि तकनीकी रूप से आधुनिक सेवाएँ उपलब्ध कराकर करोड़ों भारतीय परिवारों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान की है। कंपनी के स्थापना दिवस को देशभर की शाखाओं के साथ आरडीसी राजनगर में उत्साह और गर्व के साथ मनाया गया, जहाँ कर्मचारियों और सलाहकारों ने कंपनी के इस यादगार सफर के अनुभव साझा किए। राज नगर स्थित शाखा में लगभग 18 वर्षों से कंपनी से जुड़े अनुभवी वित्तीय सलाहकार रविंद्र तिवारी ने अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि उनके लिए आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल जीवन बीमा के साथ यह लंबा सफर केवल एक पेशेवर यात्रा नहीं, बल्कि जीवन की सीखों, लोगों के विश्वास और उनकी आर्थिक सुरक्षा को मजबूत बनाने का मिशन रहा है।

तिवारी जी ने कंपनी की उपलब्धियों और कार्यपद्धति की विशेष सराहना करते हुए कहा कि आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल जीवन बीमा ने अपने मजबूत संरचना, ग्राहक-हितैषी नीतियों, अत्याधुनिक तकनीक और पारदर्शी प्रणाली के बल पर देश में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कंपनी के अत्यंत प्रभावशाली लगभग 99.9 प्रतिशत दावे निपटान अनुपात को भारतीय बीमा क्षेत्र में भरोसे की सबसे मजबूत पहचान बताया। यह अनुपात दर्शाता है कि कंपनी अपने ग्राहकों के हितों की रक्षा के लिए कितनी प्रतिबद्ध है।

आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल जीवन बीमा देश की पहली ऐसी जीवन बीमा कंपनी रही, जिसने शेयर बाजार में सूचीबद्ध होकर पारदर्शिता का एक उत्कृष्ट मानक स्थापित किया। तकनीकी विकास, डिजिटल सेवाओं की व्यापकता, त्वरित दावा निपटान और प्रभावी ग्राहक सहायता के कारण कंपनी की साख लगातार बढ़ती गई है। आज कंपनी का बाजार मूल्य भी कई प्रमुख निजी बीमा कंपनियों से अधिक माना जाता है। बीते 25 वर्षों में कंपनी 20 करोड़ से अधिक भारतीयों को जीवन सुरक्षा प्रदान कर चुकी है, जो स्वयं इसकी लोकप्रियता और विश्वसनीयता का प्रमाण है।

तिवारी जी ने भारत में जीवन बीमा की आवश्यकता पर भी विस्तृत रूप से विचार रखते हुए कहा कि लगभग 1.5 अरब की आबादी वाले देश में जीवन बीमा केवल एक वित्तीय उत्पाद नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा, भविष्य की योजनाओं की स्थिरता और आर्थिक मजबूती का सबसे महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने कहा कि जीवन बीमा के प्रति बढ़ती जागरूकता का श्रेय उन कंपनियों को भी जाता है, जिन्होंने पारदर्शिता और सेवा भाव के साथ लोगों का विश्वास जीता है, और आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल जीवन बीमा इसमें अग्रणी रहा है।

शाखा में आयोजित इस कार्यक्रम में मणि शंकर सुमन, अभय मिश्रा, नितिन गौड़, अमित सिंह, गोल्डी चौहान, संदीप पाठक और विजय कनौजिया सहित कई अन्य सहयोगी उपस्थित रहे। सभी ने कंपनी के 25 वर्ष पूरे होने पर अपनी शुभकामनाएँ देते हुए इसे बीमा क्षेत्र की एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल जीवन बीमा के 25 वर्षों का यह स$फर न केवल एक कंपनी की चमकती उपलब्धियाँ है, बल्कि उन करोड़ों ग्राहकों के अटूट विश्वास की कहानी भी है, जिन्होंने इसे देश की सबसे भरोसेमंद जीवन बीमा कंपनियों में शुमार कराया है। यह अवसर कंपनी के समर्पण, सेवाभाव और मजबूत कार्यशैली का प्रतीक बनकर यादगार बन गया।