आगरा के पास बसेगी आईकॉनिक ग्रीन सिटी, शहर में होगी 22 प्रतिशत हरियाली

-यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह ने योजना को मूर्त रूप देना शुरू किया
-मास्टर प्लान पर मुहर लगने के बाद कवायद शुरू, 22 प्रतिशत होगा ग्रीन एरिया

विजय मिश्रा (उदय भूमि)
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण आगरा के पास आईकॉनिक ग्रीन सिटी बसाएगा। इस शहर में 22 प्रतिशत हरियाली होगी। ग्रीन सिटी में तमाम मानकों को पूरा किया जाएगा। यहां पर लोगों के रहने के लिए उच्च स्तर की सुविधाएं दी जाएंगी। यमुना प्राधिकरण ने इसका खाका तैयार करना शुरू कर दिया है।
प्रदेश सरकार ने यीडा के फेज दो मास्टर प्लान 2031 को स्वीकृति दे दी है। प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में मास्टर प्लान को मंजूरी दे दी गई। अब प्राधिकरण ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है। प्राधिकरण आगरा के पास आईकॉनिक ग्रीन सिटी बसाएगा। इस शहर में विश्व स्तर की सभी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। कॉलोनी में सेक्टर का साइज 800 वर्ग मीटर/1200 वर्ग मीटर का होगा। सेक्टर में सड़कों का जाल होगा। यहां सात प्रकार की रोड होगी। पैदल और साइकिल सवार लोगों के लिए भी अलग रोड बनाई जाएगी ताकि किसी तरह की असुविधा न हो। इस शहर तक पहुंचने के लिए मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब विकसित किया जाएगा। रैपिड रेल को आगरा तक ले जाया जाएगा। ताकि इस शहर से अन्य शहरों की दूरी कम हो सके। प्राधिकरण शहर बसाने के लिए जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई शुरू करेगा ताकि अमलीजामा पहनाया जा सके।

इन पर भी आगे बढ़ेगा काम
यमुना प्राधिकरण के मास्टर प्लान को मंजूरी मिलने के बाद अब इस पर काम शुरू होगा। अब 226 गावों को शामिल किया गया है। मास्टरप्लान के तहत बनने वाले नए शहर में 37 लाख लोगों के बसने की व्यवस्था होगी। इसके लिए गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर जिले के किसानों की जमीन अधिग्रहीत की जाएगी। इसके बदले में उन्हें मुआवजा मिलने की उम्मीद है। प्रशासन की तरफ से इस दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। मास्टर प्लान में प्राधिकरण ने आवासीय, संस्थागत, औद्योगिक आदि सेक्टरों का नियोजित किया गया है। प्राधिकरण क्षेत्र में एयरोट्रोपोलिस सिटी 10542 हेक्टेयर जमीन पर विकसित की जाएगी। इसमें एयरपोर्ट के अलावा मल्टी माडल कमर्शियल हब विकसित होगा। हब में कारपोरेट सूइट्स, फ्लेक्स आफिस, बिजनेस मीटिंग्स, रिटेल, सपोर्ट सर्विसेज, एयरलाइन सर्विसेज आदि बनेंगे। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लिंक से ये एयरपोर्ट से कनेक्ट होगी। एयरपोर्ट सिटी में आवासीय, मेडिकल सेंटर, वेलनेस सेंटर, होटल आदि होंगे।

कुछ इस तरह होगा शहर का भू उपयोग
भू उपयोग का प्रकार भू उपयोग का प्रतिशत
आवासीय 29
व्यावसायकि 5
मिश्रित भू 4
हरित क्षेत्र 22
ट्रांसपोर्ट 16
औद्योगिक 17
अन्य 8

यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में आगरा के पास आईकॉनिक ग्रीन सिटी बसाई जाएगी। मास्टर प्लान पास होने के बाद इस दिशा में काम शुरू करने की तैयारी है। यह अपने आप में अलग तरह का शहर होगा। यहां उच्च स्तर की सुविधाएं दी जाएंगी।
डॉ अरुणवीर सिंह, सीईओ यमुना प्राधिकरण