जन समस्याओं पर जिलाधिकारी सख्त, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में जन सुनवाई का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। जन सुनवाई के दौरान बिजली, सफाई, अवैध अतिक्रमण, पेयजल, घरेलू विवाद, राजस्व आदि से जुड़ी कई समस्याएं सामने आईं। जिलाधिकारी ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जन शिकायतों का निस्तारण पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ होना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान एसडीएम निखिल चक्रवर्ती भी मौजूद रहे और उन्होंने भी नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जन सुनवाई के माध्यम से प्रशासन ने यह संदेश दिया कि आम जनता की समस्याएं प्राथमिकता पर हैं और उनका समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाएगा। प्रशासनिक सख्ती और संवेदनशीलता दोनों का संतुलन इस जन सुनवाई में देखने को मिला, जिससे आमजन में सकारात्मक संदेश गया है।