-अनाधिकृत कॉलोनियों पर जीडीए प्रवर्तन टीम की सख्त कार्रवाई, कॉलोनाइजरों का विरोध नाकाम
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शुक्रवार को भिक्कनपुर-दुहाई और शाहपुर निज मोरटा क्षेत्र में फैली चार अनाधिकृत कॉलोनियों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश के अनुरूप प्रवर्तन टीम ने साईट ऑफिस, इंटरलॉकिंग सड़क और भूखंडों की बाउंड्रीवाल को पूरी तरह नष्ट कर दिया। प्रवर्तन टीम के प्रभारी और ओएसडी राजीव रत्न सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई सहायक अभियंता राजीव कुमार, अवर अभियंता योगेश कुमार वर्मा, अवर अभियंता राजन सिंह और जीडीए पुलिस बल की मौजूदगी में की गई। भिक्कनपुर, दुहाई और शाहपुर निज मोरटा में कुल 61 बीघा क्षेत्रफल में अवैध प्लाटिंग और निर्माण किया जा रहा था। ग्राम-भिक्कनपुर में नरेंद्र और रविन्द्र पुत्रगण स्वर्गीय मंशाराम के द्वारा लगभग 10 हजार वर्गमीटर में, हेमलता पत्नी नरेंद्र गर्ग एवं योगेश शर्मा, दिनेश शर्मा द्वारा लगभग 18 हजार वर्गमीटर में, शिवांक शर्मा और जितेन्द्र दत्त शर्मा द्वारा लगभग 26 हजार वर्गमीटर में, तथा चेतन यादव द्वारा लगभग 7 हजार वर्गमीटर में अवैध कॉलोनियों का निर्माण किया जा रहा था। बुलडोजर की मदद से सभी साईट ऑफिस, इंटरलॉकिंग सड़क और बाउंड्रीवाल ध्वस्त कर दी गई।
ध्वस्तीकरण के दौरान कॉलोनाइजरों और निर्माण कर्मियों ने जमकर विरोध किया, लेकिन जीडीए प्रवर्तन टीम और पुलिस बल ने उन्हें नियंत्रित किया और कार्रवाई को सफलतापूर्वक पूरा किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रवर्तन टीम ने स्थानीय लोगों को भी चेतावनी दी कि वे किसी भी अनधिकृत निर्माण की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें। जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी ने बताया कि यह अभियान आगामी माह में भी जारी रहेगा। अनाधिकृत कॉलोनियों और अवैध निर्माण को ध्वस्त और सील करने के लिए विशेष कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि शहर में किसी भी क्षेत्र में बिना अनुमति की गई प्लाटिंग, साईट ऑफिस या इंटरलॉकिंग सड़क के निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जीडीए की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य शहर में नियोजित विकास सुनिश्चित करना और निवासियों के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित आवासीय संरचना तैयार करना है। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी सभी संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान शहर में कानून और नियमों के पालन का संदेश भी देता है और अनधिकृत कॉलोनियों को बढऩे से रोकने में मदद करता है। ध्वस्तीकरण के बाद स्थानीय प्रशासन और जीडीए टीम ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण की सूचना संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके और शहर की नियोजित योजनाओं को नुकसान न पहुंचे। इस कार्रवाई से यह संदेश भी स्पष्ट हुआ कि गाजियाबाद में कानून का पालन अनिवार्य है और किसी भी अनाधिकृत निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
















