– जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देशों पर प्रवर्तन टीम ने बुलडोजर से अवैध निर्माण ढहा दिया
– 26 हजार वर्गमीटर में बनी अनाधिकृत सड़क, बाउंड्रीवाल और साईट ऑफिस की धराशायी
– कालोनाईजर और निर्माणकर्ताओं का विरोध, जीडीए पुलिस बल ने किया नियंत्रण
– आगामी माह में भी अनाधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ अभियान जारी रहने का एलान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की अनाधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई का अभियान लगातार जारी है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के सख्त निर्देशों के तहत सोमवार को शाहपुर निज मोरटा में एक बड़ी कार्रवाई की गई। जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी एवं ओएसडी राजीव रतन सिंह के नेतृत्व में सहायक अभियंता विनय कुमार और अवर अभियंता राजन सिंह, योगेश कुमार वर्मा ने जीडीए पुलिस बल की मौजूदगी में ग्राम शाहपुर निज मोरटा में 26 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनी अवैध कॉलोनी को बुलडोजर से ध्वस्त किया।
कार्रवाई के दौरान पाया गया कि कॉलोनाईजर शिवांक शर्मा और जितेंद्र दत्त शर्मा शाहपुर निज मोरटा के खसरा संख्या 629, 630, 631 और 632 पर सड़क निर्माण, मिट्टी भराई और ईंट चिनाई का कार्य कर रहे थे। उनका कोई भी मानचित्र या जीडीए से स्वीकृत दस्तावेज नहीं था।
जीडीए प्रवर्तन टीम ने अवैध कॉलोनी में कालोनाईजर द्वारा बनाई गई कच्ची सड़क, भूखंडों की बाउंड्रीवाल और साईट ऑफिस को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कालोनाईजर और निर्माणकर्ता विरोध करते हुए आए, लेकिन जीडीए पुलिस बल ने कड़ी कार्रवाई कर उन्हें नियंत्रित किया और भगा दिया। इस कार्रवाई के बाद जीडीए प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि आगामी माह में भी अनाधिकृत कॉलोनियों और अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनधिकृत कब्जेदारी और अवैध निर्माण को प्रशासन बर्दाश्त नहीं करेगा। अतुल वत्स, जीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि हमारा उद्देश्य शहर के नियोजित विकास और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अवैध कॉलोनियों और निर्माणों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रवर्तन टीम लगातार सतर्क है और भविष्य में भी ऐसे निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
















