गाजियाबाद के विजयनगर में पार्क की आड़ में हो रहा था अवैध निर्माण, महापौर ने रुकवाया

गाजियाबाद। नगर निगम के विजयनगर जोन क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-11 बी ब्लॉक प्रताप विहार स्थित पार्क में किए जा रहे अवैध निर्माण को महापौर सुनीता दयाल ने मौके पर जाकर निर्माण को रूकवाया। महापौर ने कहा कि पार्क हो या जमीन पर किसी भी सूरत में अवैध निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। दरअसल, बुधवार को महापौर सुनीता दयाल विजयनगर जोन क्षेत्र में निरीक्षण करने के लिए पहुंची थीं। वार्ड-55 में निरीक्षण किया गया। वहां पर पहले से ही ग्रीन बेल्ट की जमीन पर कब्जे की शिकायत मिल रही थी। महापौर ने मौके पर जाकर देखा तो ग्रीन बेल्ट में कब्जा मिला। महापौर पार्क में निरीक्षण करने पहुंंची तो वहां पर नगर निगम का शौचालय और आश्रय स्थल बना हुआ है।

महापौर ने पार्क में किए जा रहे निर्माण को लेकर पूछा तो पता चला कि नगर निगम के पार्क की भूमि है। यहां एक प्राचीन मंदिर है। मगर मंदिर की आड़ में आधे पार्क पर कब्जा कर रखा था। महापौर ने मौके पर मंदिर के पुजारी को बुलाया तो पुजारी छुप गया और प्रयास के बाद पुजारी बुलाया गया। पुजारी के साथ कई लोग भी आए। इनके पास मंदिर की भूमि के कोई दस्तावेज नहीं थे। महापौर ने विजयनगर जोनल प्रभारी विवेक त्रिपाठी और अवर अभियंता एसके सरोज को मौके पर बुलाया।

पता चला कि उक्त भूमि नगर निगम के पार्क की लगभग 5 हजार 60 वर्ग मीटर भूमि हैं। इसमें आधे पर मंदिर के नाम पर शेड, गौशाला आदि चलाई जा रही थी। महापौर ने यहां पर निर्माण रूकवाया। उन्होंने मंदिर के पुजारी और अन्य लोगों को दो दिन में कागज दिखाने का वक्त दिया। अन्यथा सभी निर्माण सामग्री, सीमेंट, लोहा, शेड्स जब्त कर निगम अधिकारियों को कब्जा कर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।