-कैबिनेट मंत्री शहीद स्थल मनन धाम में करेंगे ध्वजारोहण
गाजियाबाद। जनपद में गुरुवार को 78वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने स्वतंत्रता दिवस एवं राष्ट्रीय ध्वज से संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। जिलाधिकारी ने कहा कि कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा गुरुवार को शहीद स्थल मनन धाम पर ध्वजारोहण करेंगे। जिलाधिकारी ने बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर सभी कार्यालयों पर सुबह 8 बजे ध्वजारोहण किया जाए। शासनादेश के अनुसार 15 अगस्त गुरुवार को 78वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के रंग केसरिया,सफेद,हरा होना चाहिए। इसके मध्य सफेद पट्टी में 24 तिल्लियां का नीले रंग का अशोक चक्र होना चाहिए। राष्ट्रीय ध्वज की लंबाई व चौड़ाई 2:3 होनी चाहिए। झंडा कहीं से भी गंदा,फटा,कट लगा हुआ नहीं होना चाहिए।
इसलिए सभी अधिकारी एवं विभागाध्यक्ष अपने कार्यालय पर सुबह 8 बजे ध्वजारोहण करेंगे। जिला प्रशासन द्वारा पूर्वान्हन 11 बजे शहीद स्थल निकट मनन धाम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा द्वारा ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों सहित अन्य गणमान्य को सम्मानित किया जाना प्रस्तावित है। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जनपद में नगर निगम, नगर पालिका परिषद, जिला पंचायत, ग्राम पंचायतों सहित ब्लॉक एवं कार्यालयों पर स्वतंत्रता दिवस से पूर्व स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ हर्षोल्लास के साथ ध्वजारोहण करते हुए स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा।
विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष में वाद-विवाद,निबंध सहित अन्य प्रतियोगिताएं कराई जाएगी। जनपद में विभिन्न संगठनों द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी। स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा अस्पतालों,कुष्ठ रोग आश्रम व जिला कारागार में फल का वितरण भी किया जाएगा। बैठक में एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह, एडीएम एलए विवेक मिश्रा, एडीएम सिटी गंभीर सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व सौरभ भट्ट, एसडीएम सदर अरुण दीक्षित, सीटीओ, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी आरपी सिंह, सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल एवं अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
















