हालत खतरे से बाहर, एक हमलावर गिरफ्तार
पटना। बिहार में विधान सभा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद हैं। इसके बावजूद अपराधियों में कोई खौफ नजर नहीं आ रहा है। समस्तीपुर में बुधवार को मॉर्निंग वॉक पर निकले निर्दलीय प्रत्याशी सूरज कुमार दास को गोली मार दी गई। इससे एकाएक सनसनी फैल गई। बाद में सूरज कुमार को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में छापामार कार्रवाई की। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की सरगर्मी से तलाश हो रही है। जनपद समस्तीपुर के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बिशनपुर में बाइक सवार बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक कल्याणपुर विधान सभा क्षेत्र से सूरज कुमार दास निर्दलीय प्रत्याशी हैं। वह बुधवार को मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इस बीच बाइक सवार बदमाशों ने सूरज कुमार पर जानलेवा हमला कर दिया। वारदात के बाद प्रत्याशी के अंगरक्षक ने आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों का कहना है कि सूरज कुमार की हालत खतरे से बाहर है। सूरज के पैर में गोली लगी थी। उधर, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। बता दें कि इसके पहले सीतामढ़ी में निर्दलीय प्रत्याशी और कुख्यात श्री नारायण सिंह की हत्या कर दी गई थी। बिहार में विधान सभा चुनाव की सरगर्मी जोरों पर है। 2 चरण का मतदान कराया जा चुका है। चुनाव के चलते सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद होने का दावा किया जा रहा है, मगर अपराधियों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है। चुनावी रैलियों में सत्ता पक्ष निरंतर विपक्ष पर हमलावर है। पूर्ववर्ती सरकारों में जंगलराज होने की दुहाई दी जा रही है, मगर इस वक्त अपराधियों पर अंकुश लगाने में सरकार नाकाम है।
















