बच्चों को ज्ञानवान ही नहीं, संस्कारवान बनाना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी: उपमुख्यमंत्री

-गाजियाबाद को प्रदेश का अग्रणी जिला बनाने का संकल्प लें अधिकारी
-विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखी, अधिकारियों को तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश
-शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पानी और कानून व्यवस्था पर फोकस, जनता को मिले योजनाओं का पूरा लाभ

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने रविवार को गाजियाबाद भ्रमण के दौरान जनपद में चल रहे विकास कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया और उनकी प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को पेयजल, विद्युत, सीवर, अच्छी सड़कें, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं समय पर और गुणवत्ता के साथ उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल ज्ञानवान ही नहीं, बल्कि संस्कारवान बनाना भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि जनपद का हर युवा भविष्य में देश के विकास में अहम भूमिका निभा सके। उपमुख्यमंत्री को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने बुके भेंटकर उनका स्वागत किया। इस दौरान सांसद अतुल गर्ग,जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी,मोदीनगर विधायक डॉ.मंजू सिवाच,शहर विधायक संजीव शर्मा, मुरादनगर विधायक अजित पाल त्यागी, विधायक नंद किशोर, भोजपुर ब्लॉक प्रमुख सुचेता सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, जीडीए सचिव विवेक कुमार मिश्रा, एडीएम वित्त एवं राजस्व सौरभ भट्ट, परियोजना निदेशक प्रदीप कुमार पांडेय, सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन, जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

उपमुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम की शुरुआत शालीमार गार्डन, साहिबाबाद स्थित प्रेरणा स्थल से हुई, जहां उन्होंने 80 फुट रोड, विक्रम एन्क्लेव, वार्ड-37 में महापुरुषों की विभिन्न प्रतिमाओं का अनावरण किया। इसके पश्चात उन्होंने सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस क्रम में नंदी एवं नंदिनी गौशाला, एमएमजी जिला अस्पताल, निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट का निरीक्षण किया गया। इसके बाद जानकी ऑडिटोरियम, रामलीला ग्राउंड, कविनगर में जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक हुई। इसके उपरांत उपमुख्यमंत्री विकास भवन पहुंचे, जहां उन्होंने मिशन शक्ति गैलरी का फीता काटकर लोकार्पण किया।

दुर्गावती देवी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सांसद अतुल गर्ग, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, विधायक डॉ. मंजू सिवाच, विधायक संजीव शर्मा, विधायक नंदकिशोर गुर्जर, विधायक अजीत पाल त्यागी, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष चैन पाल सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में उपमुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों से जनपद में संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने जीएमडीआईसी को निर्देश दिए कि किसी भी उद्योगपति को अपने कार्य में अनावश्यक बाधा न हो और एमएसएमई में पंजीकृत उद्यमियों को सभी सरकारी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। जल निगम को निर्देशित किया गया कि हर नागरिक को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए और जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए।

उपमुख्यमंत्री ने जिला पंचायत राज अधिकारी को सभी पंचायतों में पंचायत भवन निर्माण, पंचायत सहायकों की नियुक्ति, ओपन जिम की स्थापना और नियमित ग्राम सभाओं के आयोजन के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को सख्त हिदायत दी गई कि सभी स्वास्थ्य केंद्र खुले रहें, पर्याप्त स्टाफ और दवाइयां उपलब्ध हों तथा जिला अस्पताल में हृदय रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति और बर्न यूनिट की स्थापना की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। शिक्षा विभाग को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे को स्कूल में असुविधा न हो। पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद को बढ़ावा दिया जाए, ताकि बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास संतुलित रूप से हो सके।

उन्होंने कहा कि गाजियाबाद को विकास के क्षेत्र में प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश में भी अग्रणी बनाना है। पुलिस विभाग को अपराध नियंत्रण और यातायात सुधार के लिए ठोस माइक्रो प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद में कराए गए प्रमुख विकास कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम के समापन पर उपमुख्यमंत्री द्वारा पीएम स्वनिधि योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत टूलकिट तथा रोजगारपरक ऋण योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए।