हम सभी की जिम्मेदारी हमारा जनपद विकास एवं प्रगति में रहें नम्बर वन: इन्द्र विक्रम सिंह

कार्यों में सुधार है किन्तु अभी काफी सुधार की आवश्यकता है: सीडीओ

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड जिला अनुश्रवण पुस्तिका (राजस्व एवं विकास कार्यों से संबंधित) एवं सीएमआईएस पोर्टल पर परियोजनाओं की मासिक प्रगति में जिले की रैंकिंग में सुधार हुआ। लेकिन अभी काफी मेहनत और सुधार की आवश्यकता है। यह बातें जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिले की रैंकिंग को लेकर समीक्षा बैठक में कहीं। जिलाधिकारी ने कहा कि अच्छा कार्य करने वालों को साधुवाद। इसके साथ ही अपने दायित्वों के प्रति क्रियाशील रहें। समीक्षा बैठक में राजस्व से संबंधित अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, आबकारी, आवास, उपभोक्ता संरक्षण एवं बाट माप आदि विभागों की संचालित परियोजनाओं, कार्यों एवं शिकायतों के निस्तारण की रैंकिंग के बारे में समीक्षा की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि लक्ष्य के मुताबिक कार्य करने के आधार पर ही जिले की रैंकिंग तय होती है। बैठक में जिलाधिकारी ने खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए खराब प्रदर्शन के लिए स्पष्टीकरण भी मांगा। उन्होंने कहा कि अपने कार्यों में सुधार करें अन्यथा लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर आपको दिए गए लक्ष्य के सापेक्ष आपके द्वारा अपलोड किए गए कार्यों की निगरानी का प्रतिशत और रैंकिंग तय की जाती है। कार्य का प्रतिशत तय करते हुए 10 में से अंक प्राप्त होते हैं और उन अंकों के अनुसार आपकी रैंकिंग, ग्रेडिंग ए+,ए, बी, सी, डी और ई निर्धारित होती है।

खराब रैंक लाने वाले विभागों की ली क्लास

जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह द्वारा समय अनुरूप डी और ई रैंक लाने वाले विभागों की क्लास लेते हुए जमकर फटकार लगाई और खराब रैंक आने का कारण स्पष्ट किया। जिन विभागों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं मिला उनसे लिखित में नोटिस भेजते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी अपने कार्यों के प्रति सजग रहें, यदि किसी विभाग के द्वारा कार्य के प्रति असंवेदनशीलता दिखाई और उनकी वजह से जनपद की खराब रैंकिंग आई तो उक्त अधिकारी के खिलाफ मुख्यमंत्री के आदेशों एवं दिशा-निर्देशों के क्रम में लापरवाही बरतने के लिए सख्त विभागीय कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिन विभागों की अच्छी रैंक आई है मै उन्हें साधुवाद देता हूं किन्तु वे यह सोचकर निश्चित ना हो जाए कि आगे उन्हें मेहनत नहीं करनी पड़ेगी, भविष्य में भी अच्छी रैंक के लिए निरंतर क्रियाशील रहना है। हम सभी की जिम्मेदारी हैं कि हमारा जनपद हर विकास एवं प्रगति में नम्बर वन पर रहे।

अभी काफी सुधार की है आवश्यकता

मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव गोपाल ने कहा कि गत माह की रिपोर्ट से इस माह की रिपोर्ट में ज्यादा सुधार है लेकिन अभी काफी सुधार की आवश्यकता है। विभागीय अधिकारियों को यदि दिये गये कार्यों के सम्बंध में कोई परेशानी है तो या समझने में समस्या आ रही हो तो सम्बंधित उच्च अधिकारी या हमसे सम्पर्क करें। पहले का समय और था अब सभी कार्य ऑनलाइन हो रहे है जिसके लिए हमें लगातार क्रियाशील रहने की आवश्यकता है। यदि हम समयानुसार कार्य नहीं करेंगे तो पीछे रह जायेगें। अत: अपने कार्यों एवं अपने अधीनस्थों के कार्यों पर निगरानी रखें। कहीं आप मेहनत कर रहे तो और आपके अधीनस्थों की वजह से आप पीछे रह जाए। इसलिए माह में दो-चार बार अपने अधीनस्थों के साथ बैठक जरूर करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल,एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह,एडीएम वित्त एवं राजस्व सौरभ भट्ट,एसडीएम मोदीनगर डॉ.पूजा गुप्ता,एसडीएम लोनी राजेन्द्र कुमार,जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।