-कौशल विकास के तहत एग्रीकल्चर, कम्प्यूटर का ज्ञान, महिलाएं सीखेंगी सिलाई व ब्यूटीशियन
गाजियाबाद। समाज में विपरीत आचरण और कानून तोडऩे के कारण जेल में बंद कैदियों को अब हुनरमंद बनाया जाएगा। कैदियों को कम्प्यूटर प्रशिक्षण, इलेक्ट्रीशियन और महिलाओं को ब्यूटीशियन, सिलाई, कढ़ाई सहित कम्प्यूटर का भी प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। ताकि जेल से निकलने के बाद वह स्वरोजगार कर अपना जीवन यापन कर सकें। सोमवार को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, गाजियाबाद विभाग द्वारा जनपद में चलाये जा रहे प्रशिक्षण के अंतर्गत जिला कारागार में कैदियों को प्रशिक्षण प्रदान करने के लिये मुख्य विकास अधिकारी कक्ष, विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) विक्रमादित्य सिंह मलिक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला कारागारो में कैदियों को प्रशिक्षण कराने के लिए उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन एवं कारागार विभाग के साथ एमओयू हस्ताक्षरित किया जा चुका है।
कारागार में कैदियों को प्रशिक्षण प्रदान किये जाने का मुख्य उद्देश्य विभिन्न कारणों से कारावास की सजा पाए कैदियों के स्किल को सुधारना है ताकि उन्हें अपनी जीविका अर्जित करने के लिए सक्षम बनाया जा सके और उन्हे नागरिक समाज में निषिद्ध गतिविधियों से दूर रखा जा सकें। इसके लिये एक बैच के लिए 20 से 30 अभ्यर्थियों का अनुमोदन मिशन निदेशालय, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, लखनऊ की गाईडलाईन के अनुसार किया जाना है।
जिला समन्वयक, उप्र कौशल विकास मिशन द्वारा बैठक के बिन्दुओं सेक्टर एवं जॉब रोल को चयनित करना एवं प्रशिक्षण प्रदाता को चयनित करने के लिये मिशन निदेशालय, उप्र कौशल विकास मिशन, लखनऊ से प्राप्त शर्तो के बारे में मुख्य विकास अधिकारी को अवगत कराया गया।
जेल सुपरिटेंडेंट ने एग्रीकल्चर में मशरुम, स्ट्रोबेरी के प्रशिक्षण एवं ब्यूटी एंड वालनेस में ब्यूटी थेरिपस्ट और अपरियल मेडअप्स एंड होम फर्निसिंग में सेल्फ एम्पलॉय टेलर जॉब रोल में प्रशिक्षण कराये जाने के लिए रूचि दिखाई गई। सीडीओ ने जनपद के तीन प्रशिक्षण प्रदाता को जिला कारागार में प्रशिक्षण प्रदान करने के लिये चयनित कर मिशन निदेशक, उप्र कौशल विकास मिशन लखनऊ को पत्राचार करने के लिये जिला समन्वयक, उप्र कौशल विकास मिशन, गाजियाबाद को निर्देशित किया। बैठक में जिला कृषि अधिकारी राकेश सिंह,जेल अधीक्षक आलोक सिंह,डिप्टी जेलर,यूपी कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयक पीयूष चंद्र राय,एमआईएस मैनेजर अरूण कुमार पांंडेय,डॉटा ऑपरेट राहुल कुमार एवं प्रशिक्षण प्रदाता उपस्थित रहें।
















