जेपी नड्डा का राहुल गांधी पर वीडियो अटैक

पुराना वीडियो शेयर कर कांग्रेस सांसद पर तंज

नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधा है। नड्डा ने राहुल गांधी का पुराना वीडियो शेयर किया है। इसके जरिए किसान आंदोलन की पैरोकार कांग्रेस की आलोचना की गई है। यह वीडियो संसद में दिए गए भाषण का है। वीडियो में किसानों और कंपनियों के बीच बिचौलियों के हटाने की बात राहुल गांधी कर रहे हैं। जेपी नड्डा ने 2 दिन पहले भी पुराना वीडियो शेयर की कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी पर हमला किया था। बता दें कि नए कृषि कानूनों का कांग्रेस निरंतर विरोध कर रही है। हालांकि सरकार कई बार यह स्पष्ट कर चुकी है कि कानून लागू होने के बाद किसानों और फसल खरीदारों के बीच बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो जाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर शेयर यह वीडियो सदन में जारी कार्रवाई का है। इस दौरान राहुल गांधी कह रहे हैं कुछ साल पहले उत्तर प्रदेश में मेरा दौरा था। एक किसान ने मुझसे सवाल पूछा कि राहुल जी एक बात हमें समझाइए कि हम आलू बेचते हैं 2 रुपए किलो। जब हमारे बच्चे चिप्स का पैकेट खरीदते हैं तो 10 रुपए का पैकेट आता है, उसमें एक आलू होता है। किसान ने मुझसे पूछा कि यह क्या जादू हो रहा है। मैंने किसानों से पूछा कि आपको क्या लगता है कि इसका क्या कारण है। राहुल जी जो फैक्ट्रियां बनती हैं, वह हमसे दूर होती हैं। यदि हम सीधे अपना माल फैक्ट्री में बेच पाते, तो जो व्यक्ति बीच में से पैसा ले जाते हैं, उन्हें फायदा नहीं होगा और पूरा पैसा हमें मिलेगा। जेपी नड्डा ने कहा ‘ये क्या जादू हो रहा है राहुल जी? पहले आप जिस चीज़ की वकालत कर रहे थे, अब उसकी मुखालफत कर रहे हैं। देश हित, किसान हित से आपका कुछ लेना-देना नही है। आपको सिर्फ राजनीति करनी है, मगर आपका दुर्भाग्य है कि अब आपका पाखंड नहीं चलेगा।