-नवनिर्वाचित छात्र परिषद को सौंपी गई जि़म्मेदारी, कर्तव्य निष्ठा की दिलाई गई शपथ
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कविनगर स्थित प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान के.डी.बी. पब्लिक स्कूल में मंगलवार को एक प्रेरणादायक और गरिमामय अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह नवनिर्वाचित छात्र परिषद के प्रतिनिधियों को उनके-अपने दायित्व सौंपने और नेतृत्व के लिए प्रेरित करने हेतु आयोजित किया गया, जिसने विद्यालय में एक उत्साही, गौरवपूर्ण और भावनात्मक वातावरण बना दिया। समारोह की शुरुआत उत्साह और उल्लास के साथ हुई, जहां विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती निवेदिता राणा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल पद अलंकरण की औपचारिकता नहीं, बल्कि एक ऐसी शुरुआत है जो छात्रों में नेतृत्व, अनुशासन और उत्तरदायित्व की भावना को प्रज्वलित करता है। उन्होंने बताया कि यह मंच बच्चों को भविष्य का सशक्त नागरिक और समाज का मार्गदर्शक बनने का अवसर देता है। उप प्रधानाचार्या श्रीमती नम्रता दुबे ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जीवन में ईमानदारी, निष्ठा और सेवा की भावना के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा दी।
इस विशेष दिन छात्र परिषद की नई टीम को अधिकारिक रूप से उनके पद सौंपे गए। विद्यालय के मंच पर छात्र-छात्राओं के चेहरे आत्मविश्वास और गर्व से दमक रहे थे। हेड बॉय अनंत, हेड गर्ल अक्षिता शर्मा, वाइस हेड बॉय श्रेष्ठ माथुर और वाइस हेड गर्ल हितेषी सिंघल को जब बैज पहनाकर सम्मानित किया गया तो सभागार तालियों की गूंज से भर उठा। इसी क्रम में लिटरेरी कैप्टन मैत्री यादव, कल्चरल कैप्टन अर्शिता पांडेय, स्पोर्ट्स कैप्टन ध्रुव चतुर्वेदी और कोऑर्डिनेटर सात्विक गुप्ता को भी उनके-अपने दायित्व सौंपे गए। मंच पर यह पल गौरव, प्रेरणा और एक नई जिम्मेदारी के भाव से ओतप्रोत रहा। विद्यालय के चार प्रमुख सदनों संस्कार, सत्कर्म, सद्भावना और संस्कृति से भी चुने गए छात्र प्रतिनिधियों को विशेष रूप से उनके कर्तव्यों के लिए बैज पहनाकर सम्मानित किया गया।
प्रत्येक प्रतिनिधि को अपने-अपने पदों की गरिमा को बनाए रखते हुए निष्ठा और सत्य के पथ पर चलने की शपथ दिलाई गई। यह शपथ सभी विद्यार्थियों के हृदय में गूंजती रही और उन्हें याद दिलाती रही कि वे अब केवल विद्यार्थी नहीं, बल्कि विद्यालय के नेतृत्वकर्ता भी हैं। कार्यक्रम का समापन पूरे सभागार में गूंजते राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसने इस समारोह को एक राष्ट्रीय और सांस्कृतिक चेतना के भाव में लिपटा हुआ समापन दिया। यह आयोजन विद्यालय के इतिहास में एक ऐसा क्षण बन गया, जो न केवल विद्यार्थियों के लिए बल्कि शिक्षकों और अभिभावकों के लिए भी गौरव का विषय रहा। के.डी.बी. पब्लिक स्कूल ने यह सिद्ध कर दिया कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि नेतृत्व, नैतिकता और आत्मविकास की प्रेरणा देने वाली संस्था है। यह अलंकरण समारोह विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की दिशा में एक सशक्त और ऊर्जावान शुरुआत के रूप में याद रखा जाएगा।
नेतृत्व की ओर पहला कदम, चरित्र निर्माण की दिशा में सशक्त प्रयास
अपने उद्बोधन में प्रधानाचार्या निवेदिता राणा ने कहा कि यह समारोह केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि हर विद्यार्थी के लिए एक अवसर है – आत्म-अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और उत्तरदायित्व के प्रति सजग होने का। उन्होंने सभी छात्र प्रतिनिधियों को उनके कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने की प्रेरणा दी और कहा कि सदनों की यह परंपरा अनुशासन, सहयोग और आदर्श नेतृत्व का सार है।
कर्तव्य, निष्ठा और ईमानदारी की दिलाई गई शपथ
बैज अलंकरण के पश्चात सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को उनके पदों की गरिमा, उत्तरदायित्व और नैतिक मूल्यों का बोध कराते हुए सत्यनिष्ठा से कर्तव्यों के निर्वहन की शपथ दिलाई गई। यह शपथ समारोह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व में नेतृत्व और सेवा की भावना को मजबूत करता दिखाई दिया।
















