-छात्रों में छिपे वैज्ञानिकों को मंच देना ही असली विकास: अभिनव गोपाल
-107 प्रतिभागियों ने किया प्रतिभा का प्रदर्शन, 10त्न मॉडल चयनित हुए राज्य स्तर के लिए
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सुशीला बालिका इंटर कॉलेज में माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में मंगलवार को इंस्पायर अवार्ड मानक योजना 2023-24 एवं 2024-25 के अंतर्गत जनपद स्तरीय नवाचार प्रदर्शनी एवं मॉडल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में जिले भर के सभी बोर्डों के कुल 107 छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच का परिचय देते हुए भाग लिया। इन प्रतिभागियों में से 10 प्रतिशत बेहतरीन मॉडल का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अभिनव गोपाल (मुख्य विकास अधिकारी, गाजियाबाद) ने बच्चों की प्रतिभा को नमन करते हुए कहा कि इंस्पायर अवार्ड मानक योजना जैसे कार्यक्रम छात्रों को न केवल आगे बढऩे के लिए प्रेरित करते हैं, बल्कि उन्हें वैज्ञानिक सोच, टीमवर्क और नवाचार की दिशा में गंभीरता से सोचने और कुछ नया करने के लिए मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने प्रदर्शित मॉडलों का निरीक्षण करते हुए बच्चों के उत्साह की सराहना की और उन्हें उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में अपर सचिव ज्योति प्रसाद (क्षेत्रीय कार्यालय, मेरठ), जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. धर्मेंद्र शर्मा, बेसिक शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश यादव, कार्यक्रम संयोजक पवन कुमार भाटी, सह-संयोजिका तनुजा शर्मा, विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अनुपम भारद्वाज, और आयोजक विकास बघेल समेत शिक्षा जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात सुशीला कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां देकर सभी अतिथियों को भावविभोर कर दिया। मंच संचालन पूनम शर्मा ने बखूबी निभाया और श्रोताओं को हर पल जोड़े रखा। राज्य स्तर के लिए चयनित बच्चों में विशेष ऊर्जा और आत्मविश्वास दिखाई दिया। मॉडल्स में नवीन वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सामाजिक सरोकार और पर्यावरण चेतना जैसे विषयों को सशक्त ढंग से प्रस्तुत किया गया।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले हर छात्र ने यह दिखाया कि आज की पीढ़ी न केवल सोचती है, बल्कि प्रयोग और समाधान की दिशा में भी कदम बढ़ा रही है। कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्या डॉ. अनुपम भारद्वाज ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन विज्ञान शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक मजबूत कदम है और सुशीला परिवार इसके लिए सदैव तत्पर रहेगा। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवा वैज्ञानिकों के सपनों को उड़ान देने वाला मंच है। सुशीला बालिका इंटर कॉलेज ने इस आयोजन के माध्यम से साबित कर दिया कि जब छात्र, शिक्षक और प्रशासन एकजुट होकर कार्य करें तो ज्ञान और नवाचार की लहर हर दिशा में फैलती है।


















